बीमारी से परेशान कंप्यूटर सेंटर संचालक ने फंदा लगाकर दी जान, सुसाइड नोट में पोस्टमार्टम न कराने की लिखी बात

बीमारी से परेशान कंप्यूटर सेंटर संचालक ने फंदा लगाकर दी जान, सुसाइड नोट में पोस्टमार्टम न कराने की लिखी बात

तीन दशक से शहर में चला रहे थे डाटा एक्सपर्ट कंप्यूटर सेंटर, पत्नी स्कूल से लौटी तो फंदे पर लटका मिला शव; परिवार में मचा कोहराम

कानपुर। रायपुरवा थाना क्षेत्र के आचार्य नगर में शुक्रवार शाम एक कंप्यूटर सेंटर संचालक ने घर के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले उन्होंने तीन लाइन का सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें शुगर, ब्लड प्रेशर और न्यूरो संबंधी बीमारी से परेशान होने की बात लिखी। साथ ही उन्होंने किसी पर आश्रित नहीं रहने की इच्छा जताते हुए पोस्टमार्टम न कराने की बात भी लिखी थी।

आचार्य नगर निवासी 54 वर्षीय दीपक शुक्ला शहर में करीब तीन दशक से डाटा एक्सपर्ट कंप्यूटर सेंटर का संचालन कर रहे थे। उनका मुख्य कार्यालय पीरोड में है। इसके अलावा काकादेव और किदवई नगर समेत शहर के विभिन्न इलाकों में उनके कई सेंटर संचालित होते थे।

परिवार में उनकी पत्नी नीलम हैं, जो सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं। मां कुसुम शुक्ला भी उनके साथ रहती थीं। बेटी संस्कृति बीटेक करने के बाद हैदराबाद की एक कंपनी में नौकरी कर रही है। वह त्योहार के बाद सोमवार को वापस हैदराबाद चली गई थी। बेटा सात्विक भी एमबीए कर चुका है।

शुक्रवार शाम घर पर दीपक और उनकी मां कुसुम मौजूद थीं, जबकि बेटा दोस्तों से मिलने बाहर गया हुआ था। शाम को पत्नी नीलम स्कूल से घर लौटीं तो कमरे में पति का शव फंदे से लटका देखकर उनकी चीख निकल गई। उनकी आवाज सुनकर परिवार के अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में बेटा भी घर पहुंच गया।

सूचना मिलने पर रायपुरवा थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। घटना की जानकारी मिलने पर रिश्तेदार और परिचित भी घर पहुंच गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिलनसार स्वभाव के थे दीपक शुक्ला

दीपक शुक्ला अपने हंसमुख स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे। परिचितों के बीच उनकी अच्छी छवि थी। जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए भी वह हमेशा आगे रहते थे। उनके निधन की खबर सुनकर बचपन के दोस्त श्रवण त्रिपाठी, दिलीप बजाज, रंजीत चक्रवर्ती, कमलेश त्रिपाठी और रजनीकांत भावुक हो गए। दोस्तों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। घटना के बाद परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *