सात लाख का होम लोन और पॉक्सो केस का तनाव, युवक ने फंदा लगाकर दी जान

कानपुर। कल्याणपुर में होम लोन की किस्त और पॉक्सो मुकदमे की कानूनी प्रक्रिया से परेशान 25 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। काफी देर तक फोन नहीं उठने पर दोस्त घर पहुंचा। दरवाजा नहीं खुलने पर खिड़की से झांककर देखा तो युवक का शव पंखे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच-पड़ताल की।

कल्याणपुर थाना क्षेत्र के आईआईटी नानकारी निवासी मिहिर कुमार (25) एक ब्लैंकेट कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करता था। परिवार में मां माया देवी और छोटा भाई श्रेय गुप्ता हैं। पिता जितेंद्र कुमार की करीब 15 साल पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। मां घरों में खाना बनाने का काम करती हैं। परिवार की जिम्मेदारी में हाथ बंटाने के लिए मिहिर भी नौकरी करता था।

शुक्रवार को दोस्त ने उसे ड्यूटी पर जाने के लिए फोन किया, लेकिन कई बार कॉल करने के बावजूद उसने फोन नहीं उठाया। इस पर दोस्त उसके घर पहुंच गया। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दोस्त ने खिड़की से झांककर देखा तो कमरे में मिहिर का शव गमछे के सहारे पंखे से लटक रहा था। यह देखकर वह घबरा गया और तत्काल परिजनों को सूचना दी।

बेटे का शव देखकर मां और भाई बदहवास हो गए। परिजनों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कल्याणपुर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की और साक्ष्य जुटाने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सात लाख का होम लोन, हर महीने 12 हजार की किस्त

परिजनों के मुताबिक, मिहिर ने करीब एक साल पहले सात लाख रुपये का होम लोन लिया था। इसकी हर महीने करीब 12 हजार रुपये की किस्त जमा करनी पड़ती थी। नौकरी से मिलने वाली कमाई में से किस्त चुकाने की जिम्मेदारी भी उसी पर थी। छोटे भाई श्रेय के मुताबिक, होम लोन की किस्त और मुकदमे की कानूनी प्रक्रिया के चलते मिहिर तनाव में रहता था।

पॉक्सो मुकदमे में आठ महीने जेल में रहा

मां माया देवी ने बताया कि बेटे के प्रेम संबंध थे। पिछले साल कन्नौज जिले के ठठिया थाने में एक युवती की ओर से उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मामले में मिहिर करीब आठ महीने जेल में रहा था। बाद में उसे कोर्ट से जमानत मिल गई थी।

जमानत पर बाहर आने के बाद भी मुकदमे की सुनवाई के लिए उसे हर महीने कन्नौज जाना पड़ता था। लगातार तारीखों और कानूनी प्रक्रिया के चलते वह परेशान रहता था। परिजनों के मुताबिक, होम लोन की किस्त और मुकदमे के तनाव के बीच उसने यह कदम उठा लिया।

तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई

कल्याणपुर थाना प्रभारी किशोर कुमार तिवारी ने बताया कि सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती पूछताछ में परिजनों ने युवक के होम लोन और पॉक्सो मुकदमे को लेकर तनाव में रहने की बात बताई है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *