टाइम 100 नेक्स्ट इंडिया:लिस्ट में क्रिकेट, हॉकी, शतरंज, बॉक्सिंग, वेटलिफ्टिंग, तीरंदाजी और एथलेटिक्स के 9 खिलाड़ियों को मिली जगह; चार कैटेगरी में शामिल

टाइम 100 नेक्स्ट इंडिया:लिस्ट में क्रिकेट, हॉकी, शतरंज, बॉक्सिंग, वेटलिफ्टिंग, तीरंदाजी और एथलेटिक्स के 9 खिलाड़ियों को मिली जगह; चार कैटेगरी में शामिल

भारतीय खेलों के सितारे अब मैदान पर अपनी उपलब्धियों के साथ देश का भविष्य गढ़ने वाली हस्तियों की सूची में भी जगह बना रहे हैं। युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी, वर्ल्ड चैम्पियन क्रिकेट कप्तान हरमनप्रीत कौर, मुक्केबाज लवलीना बोरगोहाईं और वेटलिफ्टर मीराबाई चानू समेत नौ भारतीय खिलाड़ियों को टाइम100 नेक्स्ट इंडिया सूची में शामिल किया गया है।

इस सूची में वर्ल्ड चैम्पियन चेस खिलाड़ी डी. गुकेश, हॉकी गोलकीपर सविता पूनिया, टेनिस स्टार सानिया मिर्जा, एथलीट विथ्या रामराज, तीरंदाज कुमकुम मोहोड भी हैं। टाइम ने पहली बार भारत के लिए यह सूची जारी की है। इसमें अलग-अलग क्षेत्रों के 100 लीडर्स और उभरते चेहरे शामिल हैं। खिलाड़ियों को चार श्रेणियों में जगह मिली है।

1. वैभव सूर्यवंशी: 15 की उम्र में रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड, सबसे युवा कप्तान भी बने

15 साल के वैभव को ‘इनोवेटर्स’ श्रेणी में रखा है। वे 14 साल की उम्र में राजस्थान रॉयल्स के लिए डेब्यू कर आईपीएल के सबसे युवा खिलाड़ी बने थे। हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार की कप्तानी कर पुरुष टी20 में सबसे युवा कप्तान बनने का रिकॉर्ड भी बनाया।

2. हरमनप्रीत कौर: पहली बार वर्ल्ड कप जिताने वाली महिला कप्तान

37 साल की हरमनप्रीत को ‘एडवोकेट्स’ श्रेणी में जगह मिली है। नवंबर 2025 में उनकी कप्तानी में भारत ने पहली बार महिला वर्ल्ड कप जीता था। वे टी20 इंटरनेशनल में शतक वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर हैं। सबसे ज्यादा 356 इंटरनेशनल मैच खेलने वाली महिला क्रिकेटर।

3. लवलीना बोरगोहिन: ओलिंपिक मेडल से एशियन गेम्स गोल्ड तक

29 साल की मुक्केबाज लवलीना को ‘फिनॉम्स’ (प्रभावी) श्रेणी में रखा है। उन्होंने टोक्यो ओलिंपिक में ब्रॉन्ज जीता था। साल 2023 में वर्ल्ड चैम्पियन बनीं। 2023 के एशियन गेम्स में सिल्वर जीतने के बाद इस साल जापान में हुए एशियन गेम्स में गोल्ड अपने नाम किया।

4. मीराबाई चानू: वेटलिफ्टिंग के हर बड़े टूर्नामेंट में मेडल जीत चुकीं

32 साल की मीराबाई को ‘इनोवेटर्स’ श्रेणी में जगह मिली है। वे टोक्यो ओलिंपिक की सिल्वर मेडलिस्ट हैं। वर्ल्ड चैम्पियनशिप में एक गोल्ड और दो सिल्वर हैं। कॉमनवेल्थ गेम्स में भी 3 गोल्ड और एक सिल्वर जीत चुकी हैं। इस साल एशियन गेम्स में अपना पहला मेडल (सिल्वर) जीता।

5. डी. गुकेश: इतिहास के सबसे युवा वर्ल्ड चैम्पियन, ​खिताब बचाने उतरेंगे

20 साल के गुकेश ‘फिनॉम्स’ श्रेणी में शामिल हैं। वे मौजूदा विश्व शतरंज चैम्पियन हैं। वे 18 साल 195 दिन की उम्र में सबसे युवा वर्ल्ड चैम्पियन बने थे। इस महीने के अंत में उन्हें उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव के खिलाफ अपने विश्व खिताब का बचाव करना है।

6. सविता पूनिया: हॉकी की ‘दीवार’, तीन बार बेस्ट गोलकीपर चुनी गईं 36 साल की गोलकीपर सविता को ‘लीडर्स’ श्रेणी में जगह मिली है। वे तीन बार वर्ल्ड गोलकीपर ऑफ द ईयर चुनी जा चुकी हैं। इस साल एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने वाली टीम में भी शामिल रहीं। वे देश की सबसे ज्यादा मैच (321) खेलने वाली महिला हॉकी खिलाड़ी हैं।

7. सानिया मिर्जा : 40 साल की सानिया को ‘एडवोकेट्स’ श्रेणी

40 साल की सानिया को ‘एडवोकेट्स’ श्रेणी में रखा गया है। वे भारतीय महिला टेनिस की सबसे चर्चित खिलाड़ियों में रही हैं। उन्होंने अपने करियर में छह ग्रैंडस्लैम खिताब जीते। इनमें तीन डबल्स और तीन मिक्स्ड डबल्स के खिताब शामिल हैं।

8. विथ्या रामराज: 28 साल की एथलीट विथ्या को ‘फिनॉम्स’ श्रेणी

28 साल की एथलीट विथ्या को ‘फिनॉम्स’ श्रेणी में जगह मिली है। उन्होंने जापान में एशियन गेम्स में महिला 400 मीटर हर्डल्स में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। इस प्रदर्शन (54.75 सेकंड) के दौरान उन्होंने पीटी उषा का 42 साल पुराना नेशनल रिकॉर्ड तोड़ा।

9. कुमकुम मोहोड को ‘इनोवेटर्स’ श्रेणी में

17 साल की कुमकुम मोहोड को ‘इनोवेटर्स’ श्रेणी में शामिल किया गया है। वे इस साल जापान में हुए एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय तीरंदाज हैं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने भारतीय तीरंदाजी में अपनी पहचान बनाई।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *