कानपुर के डीबीएस कॉलेज में रोजगार मेला, 1027 युवाओं को मिली नौकरी; 25 हजार रुपये तक मिलेगा वेतन

कानपुर के डीबीएस कॉलेज में रोजगार मेला, 1027 युवाओं को मिली नौकरी; 25 हजार रुपये तक मिलेगा वेतन

35 कंपनियों ने 2493 अभ्यर्थियों का लिया साक्षात्कार, सांसद रमेश अवस्थी ने चयनित युवाओं को बांटे नियुक्ति पत्र

 

कानपुर। कानपुर के गोविंद नगर स्थित डीबीएस डिग्री कॉलेज में शुक्रवार को आयोजित रोजगार मेले में 1027 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। ‘सेवा संकल्प अभियान’ और ‘उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन’ के अंतर्गत आयोजित इस मेले में 35 कंपनियों ने हिस्सा लिया। कुल 2493 अभ्यर्थियों ने रोजगार के लिए प्रतिभाग किया। कंपनियों ने अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता और साक्षात्कार के आधार पर 10 हजार से 25 हजार रुपये प्रतिमाह तक के वेतन पर युवाओं को शॉर्टलिस्ट और चयनित किया। मुख्य अतिथि सांसद रमेश अवस्थी ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।

दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ

प्रादेशिक सेवायोजन कार्यालय, कानपुर और डीबीएस डिग्री कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद रमेश अवस्थी, गोविंद नगर विधायक प्रतिनिधि डीके मैथानी, छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के कुलसचिव राकेश कुमार मिश्रा और डीबीएस कॉलेज की संरक्षिका मेघना श्रीवास्तव ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार मिश्रा भी मौजूद रहे।

आत्मनिर्भर बनने के लिए रोजगार और स्वरोजगार पर जोर

कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार मिश्रा ने अतिथियों, नियोजकों और छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षा की वास्तविक सार्थकता विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने में है।

मुख्य अतिथि सांसद रमेश अवस्थी ने युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराने और करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से कानपुर को विकसित बनाने के लिए स्टार्टअप शुरू करने और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।

युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर जोर

गोविंद नगर विधायक प्रतिनिधि डीके मैथानी ने प्रदेश सरकार की रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई पूरी करने के साथ ही युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में सेवायोजन कार्यालय और कॉलेज प्रबंधन का समन्वय महत्वपूर्ण है।

वहीं, सीएसजेएमयू के कुलसचिव राकेश कुमार मिश्रा ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने और अपने कौशल को लगातार बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।

रोजगार संगम पोर्टल और सेवामित्र एप की दी जानकारी

सहायक निदेशक सेवायोजन, कानपुर मंडल उज्ज्वल कुमार सिंह ने अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल, सेवामित्र एप, विदेशों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों और आउटसोर्सिंग भर्ती सहित सेवायोजन विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सेवायोजन विभाग ‘उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन’ के तहत युवाओं और परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के अंत में कॉलेज की संरक्षिका मेघना श्रीवास्तव ने अतिथियों, कंपनियों के प्रतिनिधियों और छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया तथा चयनित अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *