कानपुर में तेंदुए का आतंक, खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों पर हमला, नौ लोग घायल

महाराजपुर के करनखेड़ा गांव में मची अफरा-तफरी, सरसों के खेतों में छिपे होने की आशंका; वन विभाग की टीम कर रही कांबिंग

कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के करनखेड़ा गांव में मंगलवार दोपहर तेंदुए के हमले से हड़कंप मच गया। खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। इस घटना में नौ लोग घायल हो गए। हमले के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों को आशंका है कि तेंदुआ अभी भी सरसों के खेतों में छिपा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, मदारपुर निवासी मोहित शर्मा खेत में गोभी काट रहे थे। इसी दौरान अचानक तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार, इससे पहले एक बच्ची पर भी तेंदुए ने हमला किया था। घटना के समय करनखेड़ा गांव के आसपास खेतों में मौजूद ग्रामीणों को तेंदुए ने निशाना बनाया। हमले में कुल नौ लोग घायल हुए हैं।

घायलों में हरिराम निषाद (40), रामकेश निषाद (18), बुद्धि निषाद (50), मोहित विश्वकर्मा (18) और साहिल सहित चार अन्य लोग शामिल हैं। साहिल मूल रूप से सिखटिया का रहने वाला है और अपनी मौसी के घर करनखेड़ा आया था। हमले में उसे गंभीर चोटें आई हैं।

घटना के बाद ग्रामीणों ने तेंदुए को घेरने का प्रयास किया, लेकिन वह खेतों में छिप गया। परिजन घायलों को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।

सूचना मिलते ही शेखपुर चौकी इंचार्ज अनुज पटेल पुलिस टीम और डायल 112 के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं वन विभाग की टीम तेंदुए की तलाश में खेतों में कांबिंग कर रही है। तेंदुए की मौजूदगी की आशंका से ग्रामीणों में भय बना हुआ है। प्रशासन और वन विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *