वोटर लिस्ट से गायब है नाम? अब BLO आएंगे आपके घर!

वोटर लिस्ट से गायब है नाम? अब BLO आएंगे आपके घर!

कानपुर जिला प्रशासन की इस नई मुहिम को जरूर जानें
गायब नामों का होगा फिजिकल सत्यापन

कानपुर। जिले में वोटर लिस्ट को पूरी तरह शुद्ध, निर्विवाद और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला प्रशासन और निर्वाचन विभाग ने कमर कस ली है. इसके तहत विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के बाद मतदाता सूची से छूटे हुए पात्र नागरिकों और युवाओं का नाम जोड़ने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जाएगा. सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक अहम बैठक हुई, जिसमें इस अभियान की पूरी रूपरेखा साझा की गई.

डीएम की अध्यक्षता में बैठक
घर-घर जाएंगे BLO: जिला प्रशासन के मुताबिक, मतदाता सूची का शुद्धीकरण एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है. आयोग के निर्देशों के तहत बूथ लेवल अधिकारी 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची का मिलान पिछले वर्षों की सूचियों 07 जनवरी 2025 की अंतिम सूची और पूरक सूचियों से करेंगे.इस दौरान जिन मतदाताओं के नाम पुरानी सूची में दर्ज थे, लेकिन वर्तमान सूची में गायब हैं, बीएलओ उनके घर-घर जाकर वर्तमान स्थिति का सत्यापन यानी फिजिकल वेरिफिकेशन करेंगे।

2026 की मतदाता सूची से कटे नाम होंगे वेरीफाई

राजनीतिक दलों से अपील: जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की है कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों को पूरी तरह सक्रिय करें और बीएलओ के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करें. प्रशासन का मुख्य फोकस निम्नलिखित वर्गों का नाम वोटर लिस्ट में दर्ज कराने पर रहेगा. अभियान के दौरान जरूरतमंदों के फॉर्म-6 भरवाए जाएंगे, और जिन मतदाताओं की पहचान की जाएगी, उनकी सूची राजनीतिक दलों के बीएलए के साथ भी साझा की जाएगी।

  • 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा
  • छूटे हुए पात्र नागरिक, दिव्यांगजन और बुजुर्ग
  • महिलाएं, बेघर नागरिक और वंचित वर्ग

विशेष कैंप और ऑनलाइन आवेदन की सुविधा: आयोग के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न बूथों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा नाइट शेल्टर, श्रमिक बस्तियों और आश्रयहीन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के नाम जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा.शिक्षण संस्थानों और स्वीप गतिविधियों के जरिए युवाओं को जागरूक किया जाएगा।
नया नाम जोड़ने के लिए: फॉर्म-6
नाम हटाने के लिए: फॉर्म-7

नागरिक अपने आवेदन, ईआरओ कार्यालय या फिर ऑनलाइन माध्यम से निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और ECINET एप के जरिए आसानी से जमा कर सकते हैं। बैठक में जानकारी दी गई कि 10 अप्रैल 2026 की प्रकाशित अंतिम निर्वाचक नामावली कानपुर जनपद की NIC वेबसाइट पर सार्वजनिक रूप से उपलब्ध है.इसके अलावा, पुनरीक्षण के दौरान चिह्नित किए गए अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट मतदाताओं का ब्योरा भी राजनीतिक दलों के साथ साझा किया जा चुका है। इस महत्वपूर्ण बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विवेक चतुर्वेदी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अजय श्रीवास्तव समेत भाजपा, कांग्रेस, सपा, बसपा, अपना दल और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *