चार ब्लॉकों में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान शुरू, ब्लॉक प्रमुख ने खुद दवा खाकर दिया संदेश
7 दिसंबर तक चलेगा एमडीए अभियान, 6.70 लाख लोगों को दवा खिलाने का लक्ष्य; 90 सुपरवाइजर और 1084 दवा प्रदाताओं की लगाई गई ड्यूटी
कानपुर। जिले में फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी के उन्मूलन के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सामूहिक दवा सेवन (एमडीए) अभियान शुरू कर दिया है। बिधनू, ककवन, बिल्हौर और चौबेपुर ब्लॉक में चलने वाले इस अभियान का शुभारंभ बिधनू ब्लॉक सभागार में ब्लॉक प्रमुख अरुण कुमार कोरी ने स्वयं फाइलेरिया रोधी दवा खाकर किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भी दवा का सेवन कर लोगों को जागरूकता का संदेश दिया।
ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि फाइलेरिया एक गंभीर और लाइलाज बीमारी है, जिससे बचाव का सबसे प्रभावी तरीका निर्धारित दवा का सेवन करना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जब स्वास्थ्यकर्मी घर पहुंचकर दवा खिलाने आएं तो उनके सामने ही दवा का सेवन करें। किसी भी तरह के भ्रम या अफवाह में न आएं और अपने परिवार के साथ आसपास के लोगों को भी दवा खाने के लिए प्रेरित करें।
नोडल अधिकारी डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि यह अभियान सात दिसंबर तक संचालित किया जाएगा। चारों ब्लॉकों में कुल 6.70 लाख पात्र लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के लिए 90 सुपरवाइजर और 1084 दवा प्रदाताओं की तैनाती की गई है। इसके अलावा दो सदस्यीय 542 टीमें गठित की गई हैं, जो घर-घर जाकर लोगों को दवा खिलाएंगी। अभियान में एल्बेंडाजोल, डाईइथाइल कार्बामजीन और आइवरमेक्टिन दवाओं का निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार सेवन कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस बार प्रवासी लोगों, दवा खाने से इनकार करने वालों और ऐसे लोगों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिन्होंने अब तक कभी फाइलेरिया रोधी दवा नहीं खाई है। इन चारों ब्लॉकों में माइक्रोफाइलेरिया की दर एक प्रतिशत से अधिक होने के कारण अभियान को विशेष महत्व दिया जा रहा है।
जिला मलेरिया अधिकारी ए.के. सिंह ने बताया कि दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारी से पीड़ित व्यक्तियों को छोड़कर अन्य सभी पात्र लोगों को दवा का सेवन करना है। दवा खाली पेट नहीं खानी चाहिए। उन्होंने बताया कि दवा खाने के बाद कुछ लोगों को उल्टी या चक्कर आने जैसी हल्की प्रतिक्रिया हो सकती है। इससे घबराने की जरूरत नहीं है। परेशानी अधिक होने पर आशा कार्यकर्ता से संपर्क करें। ऐसी परिस्थितियों में सहायता के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रैपिड रिस्पॉन्स टीम भी गठित की गई है।
नुक्कड़ नाटक से दिया जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से फाइलेरिया से बचाव और दवा सेवन के प्रति लोगों को जागरूक किया। उनके प्रयासों की सराहना करते हुए ब्लॉक प्रमुख ने विद्यार्थियों को मेडल देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में नोडल अधिकारी डॉ. राजेश्वर सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी ए.के. सिंह, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज सचान, सीएचओ, पीएसपी सदस्य, फाइलेरिया मरीज लक्ष्मी और स्वास्थ्य सखी किरण मौजूद रहीं। सभी ने जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
पीएसपी सदस्यों ने खुद दवा खाकर बढ़ाया भरोसा
अभियान के तहत चौबेपुर ब्लॉक के सहजाउरा उम्मेदपुर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में पीएसपी सदस्यों की पहल पर कार्यक्रम हुआ। यहां 38 लोगों की मौजूदगी में 34 लोगों ने दवा का सेवन किया। वहीं बिधनू ब्लॉक के आउंधा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में सीएचओ-पीएसपी सदस्य एवं राशन विक्रेता प्रियंका राजपूत ने स्वयं दवा खाकर अभियान की शुरुआत की। यहां 36 लोगों ने दवा का सेवन किया।
इसके अलावा चौबेपुर ब्लॉक के कुकरादेव स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में ग्राम प्रधान विद्यासागर, सीएचओ कृष्णा, आशा कार्यकर्ता मिथलेश, कोटेदार महेश चंद्र, स्वास्थ्य सखी निर्मला और समूह अध्यक्ष प्रियंका सहित अन्य लोगों ने जागरूकता कार्यक्रम में भाग लिया। यहां 12 लोगों ने फाइलेरिया रोधी दवा खाई।
अभियान को सफल बनाने में आशा कार्यकर्ताओं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों के साथ विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ), पाथ, प्रोजेक्ट कंसर्न इंटरनेशनल (पीसीआई) और सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च (सीफॉर) के प्रतिनिधि सहयोग कर रहे हैं।


