हर बीडीओ 10 विकास कार्यों का मौके पर करें सत्यापन : डीएम
गुणवत्ता में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, पात्रों को समय से मिले योजनाओं का लाभ
कानपुर नगर। विकास कार्यों की गुणवत्ता और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। गुरुवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक में उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में कराए जा रहे 10-10 विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता की जांच करने को कहा।
डीएम ने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। अधिकारी केवल कागजी प्रगति तक सीमित न रहें, बल्कि मौके पर जाकर कार्य की वास्तविक स्थिति, गुणवत्ता और प्रगति की नियमित जांच करें।
आवास निर्माण की लगातार हो निगरानी
ग्रामीण विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान मानव दिवस सृजन, श्रमिकों की उपस्थिति और कार्यों की निगरानी की जानकारी ली गई। डीएम ने मानव दिवस सृजन में सुधार लाने और निर्माण कार्यों की नियमित मॉनीटरिंग के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में पात्र लाभार्थियों को समय से लाभ दिलाने के साथ निर्माणाधीन आवासों की प्रगति पर नजर रखने को कहा।
लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाएं
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा में स्वयं सहायता समूहों के गठन में तेजी लाने और लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और पति की मृत्यु के बाद निराश्रित महिला पेंशन से जुड़े लंबित मामलों को भी प्राथमिकता से निस्तारित करने को कहा।
कन्या सुमंगला योजना के लंबित प्रकरणों में सभी एसडीएम को संबंधित बीडीओ से समन्वय कर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ मिलने में देरी न हो।
आंगनबाड़ी भवनों की गुणवत्ता पर नजर
बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की समीक्षा में अपूर्ण आंगनबाड़ी भवनों को निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने को कहा गया। इसके अलावा सामूहिक विवाह योजना, उचित दर दुकानों और पूर्ति विभाग से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई।
डीएम ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अधिकारी विभागीय लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का समय से निस्तारण कराएं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं खंड विकास अधिकारी कल्याणपुर संदीप समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और सभी खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे।

