बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष उपचुनाव 13 अक्टूबर को, 15 को मतगणना
पांच मतदान केंद्रों पर बनाए गए 10 बूथ, सात अक्टूबर को कार्मिकों का प्रशिक्षण
कानपुर नगर। नगर पंचायत बिठूर के अध्यक्ष पद के उपचुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अध्यक्ष पद के लिए 13 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा, जबकि 15 अक्टूबर को मतगणना होगी। चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं, बूथों, मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण, निर्वाचन सामग्री, सुरक्षा इंतजाम और मतगणना से संबंधित तैयारियों की जानकारी ली। नगर पंचायत क्षेत्र में कुल पांच मतदान केंद्रों पर 10 बूथ बनाए गए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि मतदान में ड्यूटी के लिए लगाए गए कार्मिकों का सात अक्टूबर को प्रशिक्षण कराया जाएगा। प्रशिक्षण में कार्मिकों को मतदान प्रक्रिया, उनकी जिम्मेदारियों और निर्वाचन संबंधी नियमों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी, जिससे मतदान के दौरान किसी तरह की परेशानी न आए।
उन्होंने अधिकारियों को सभी मतदान केंद्रों पर बिजली, पेयजल, प्रकाश, साफ-सफाई और अन्य जरूरी सुविधाओं का समय से सत्यापन कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्वाचन से जुड़ी सभी तैयारियां तय समय सीमा में पूरी करने और राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में निर्वाचन से जुड़े अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

