सड़क किनारे खड़े डंपर से टकराया ई-रिक्शा, चालक समेत तीन घायल

सड़क किनारे खड़े डंपर से टकराया ई-रिक्शा, चालक समेत तीन घायल

नवाबगंज में गंगाबैराज-मंधना हाईवे पर हादसा, चालक की हालत गंभीर; ग्रामीणों ने स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था पर उठाए सवाल
कानपुर। नवाबगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात गंगाबैराज से मंधना-बिठूर चौराहे की ओर जाने वाले हाईवे पर सड़क किनारे खड़े डंपर से ई-रिक्शा टकरा गया। हादसे में ई-रिक्शा चालक नीरज कुमार (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी पत्नी ममता और पांच वर्षीय बच्चा भी घायल हुए हैं। नीरज की हालत गंभीर बताई जा रही है।
नीरज अपनी पत्नी ममता और बच्चे के साथ कंपनी बाग स्थित मायके से दुर्गापुर गांव स्थित अपने घर जा रहे थे। बताया गया कि एनआरआई सिटी कट से करीब 100 मीटर आगे पहुंचते ही उनका ई-रिक्शा सड़क किनारे खड़े डंपर से जा भिड़ा। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।
राहगीरों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद आसपास से गुजर रहे राहगीर मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की। सूचना मिलने पर नवाबगंज पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने राहगीरों की मदद से तीनों घायलों को ऑटो से निजी अस्पताल भेजा।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। वहीं गंभीर रूप से घायल नीरज का उपचार जारी है।
हाईवे पर अंधेरा, ग्रामीणों ने उठाए सवाल
हादसे के बाद ग्रामीणों ने गंगाबैराज से मंधना-बिठूर जाने वाले हाईवे पर प्रकाश व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग के कई हिस्सों में स्ट्रीट लाइट की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। रात में अंधेरा होने के कारण सड़क किनारे खड़े वाहनों का पता समय से नहीं चल पाता।
ग्रामीणों का दावा है कि प्रकाश व्यवस्था के अभाव में इस मार्ग पर अक्सर हादसे होते हैं। उन्होंने संबंधित विभाग से हाईवे के अंधेरे हिस्सों में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने और सड़क किनारे खड़े वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *