डॉक्टर की गैरमौजूदगी में ड्राइवर ने संभाली ओपीडी, मरीजों को लिखी दवाएं
कांशीराम अस्पताल का वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप, सीएमओ ने गठित की तीन सदस्यीय जांच टीम
कानपुर। रामादेवी स्थित कांशीराम अस्पताल में डॉक्टर की गैरमौजूदगी में ड्राइवर द्वारा मरीजों को दवा लिखने का मामला सामने आया है। बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में एक युवक ओपीडी कक्ष में डॉक्टर की कुर्सी पर बैठकर मरीजों से बातचीत करता और दवा लिखता दिखाई दे रहा है। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक वीडियो में नजर आ रहा युवक इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (ईएमओ) डॉ. रामकेश का ड्राइवर देव है।
बताया गया कि जिस समय ड्राइवर ओपीडी में मरीजों को देख रहा था, उस दौरान डॉ. रामकेश कोर्ट में पेशी के लिए गए थे। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले को मरीजों की सुरक्षा और इलाज में लापरवाही से जोड़कर देखा जा रहा है। फिलहाल आरोपी ड्राइवर को अस्पताल की जिम्मेदारी से हटा दिया गया है।
सीएमओ ने गठित की तीन सदस्यीय टीम
वीडियो वायरल होने के बाद सीएमओ हरिदत्त नेमी ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की है। टीम वायरल वीडियो के साथ डॉक्टर की गैरमौजूदगी में ड्राइवर के ओपीडी में बैठने और मरीजों को दवा लिखने के पूरे घटनाक्रम की जांच करेगी। सीएमओ ने टीम से तीन दिन के भीतर रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदारी तय कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डॉक्टर से मांगा जवाब, थाने में शिकायत
अस्पताल के सीएमएस डॉ. पीयूष मिश्रा ने डॉ. रामकेश से पूरे मामले में जवाब मांगा है। साथ ही ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई के लिए चकेरी थाने में लिखित शिकायत भी दी गई है। सीएमएस ने बताया कि मंगलवार सुबह अस्पताल में जांच कराई गई थी, लेकिन उस समय कोई बाहरी व्यक्ति वहां नहीं मिला था।
कितने मरीजों को लिखी दवा, इसकी भी जांच
अस्पताल प्रशासन अब इस बात की भी जांच करा रहा है कि ड्राइवर डॉक्टर की कुर्सी तक कैसे पहुंचा और उसने ओपीडी में कितने मरीजों को देखा तथा कितने मरीजों को दवा लिखी। जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

