बादलों ने दी राहत, शाम-रात में आंधी-बारिश के आसार

बादलों ने दी राहत, शाम-रात में आंधी-बारिश के आसार

कानपुर में 33 डिग्री के आसपास रह सकता है अधिकतम तापमान, उमस के कारण 38-40 डिग्री जैसा महसूस होगा तापमान
कानपुर। शुक्रवार सुबह से ही शहर के आसमान में बादल छाए रहे। ठंडी हवाओं के चलने से लोगों को उमस और तेज गर्मी से कुछ राहत मिली। मौसम सुहाना होने के साथ तापमान में भी गिरावट महसूस की गई। हालांकि बीच-बीच में धूप निकलने से उमस बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को दिन में धूप के साथ बादलों की आवाजाही का अनुमान जताया है। वहीं, शाम और रात में गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश की 70 से 75 प्रतिशत तक संभावना बताई गई है। अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
उमस कराएगी गर्मी का एहसास
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक अगले 24 घंटे में शाम और रात के समय गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। दिन के तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। बीच-बीच में धूप निकलने से हवा में नमी और उमस बढ़ेगी। ऐसे में वास्तविक तापमान भले ही 33 डिग्री के आसपास रहे, लेकिन रियल फील 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक महसूस हो सकता है।
मानसून की वापसी के संकेत
डॉ. पांडेय ने बताया कि आने वाले दिनों में भी मौसम की ऐसी ही स्थिति बनी रह सकती है। हालांकि अब मानसून की वापसी के संकेत मिलने लगे हैं। सितंबर के अंतिम दिनों से पहले मानसून की वापसी की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।
गुरुवार को सामान्य से अधिक रहा तापमान
सीएसए की गुरुवार को जारी मौसम रिपोर्ट के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 25 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक था। अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 81 प्रतिशत रही।
गुरुवार सुबह तेज धूप निकली, जबकि दोपहर में अचानक बादल छा गए। बारिश नहीं होने के कारण हवा में नमी और उमस बनी रही, जिससे लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *