डीएम, नगर आयुक्त और सीडीओ ने देर रात किया निरीक्षण, सीएम ग्रिड कार्यों में तेजी के निर्देश

डीएम, नगर आयुक्त और सीडीओ ने देर रात किया निरीक्षण, सीएम ग्रिड कार्यों में तेजी के निर्देश

कानपुर। दीपावली से पहले शहर की सफाई व्यवस्था और सड़क सुधार कार्यों को गति देने के लिए जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, नगर आयुक्त और मुख्य विकास अधिकारी ने बुधवार देर रात शहर के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कूड़ा निस्तारण, स्वच्छता व्यवस्था और मुख्यमंत्री ग्रिड (सीएम ग्रिड) योजना के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति देखी।
अधिकारियों ने सबसे पहले जाजमऊ स्थित तेल मिल के पास पोर्टेबल कम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन (पीसीटीएस) का निरीक्षण किया। यहां कर्मचारी मौजूद मिले। अधिकारियों के मुताबिक स्टेशन पर रोज करीब 13 मीट्रिक टन कूड़ा पहुंचता है। हाथ कूड़ा गाड़ियों और टाटा ऐस वाहनों से कूड़ा एकत्र कर यहां लाया जाता है और कई वाहन प्रतिदिन दो-दो चक्कर लगाकर कूड़े का परिवहन करते हैं। निरीक्षण के दौरान स्टेशन पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक मिली।
इसके बाद टीम ने लाल बंगला स्थित केडीए चौराहा क्षेत्र में सीएम ग्रिड के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्यों का जायजा लिया। डीएम ने कार्य की प्रगति, सड़क की स्थिति और यातायात व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में तेजी लाकर निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
डीएम ने बताया कि सीएम ग्रिड के फेज-1 में करीब 16 किलोमीटर और फेज-2 में करीब 13 किलोमीटर क्षेत्र में काम कराया जा रहा है। दीपावली से पहले अधिक से अधिक काम पूरा कराने का लक्ष्य है। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के साथ ही यातायात और आम लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा।
इसके बाद अधिकारियों ने जाजमऊ क्षेत्र के गार्बेज वर्नेबल प्वाइंट का निरीक्षण किया। डीएम ने जोनल स्वच्छता अधिकारी को यहां नियमित रूप से कूड़ा उठाने और उसे नजदीकी पीसीटीएस तक पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही नागरिकों को जागरूक कर निर्धारित व्यवस्था के अनुसार कूड़ा देने के लिए प्रेरित करने को कहा, ताकि गार्बेज वर्नेबल प्वाइंट को समाप्त किया जा सके।
डीएम ने कहा कि आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर की स्वच्छता व्यवस्था, कूड़ा प्रबंधन और सड़क सुधार कार्यों को प्राथमिकता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए। अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए गए।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *