कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सीएसए के कुलपति और केवीके प्रभारी सम्मानित

कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सीएसए के कुलपति और केवीके प्रभारी सम्मानित

कृषक प्रशिक्षण, आधुनिक तकनीकों के प्रसार और किसानों की आय बढ़ाने के प्रयासों को मिला सम्मान

कानपुर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के कुलपति डॉ. संजीव कुमार गुप्ता तथा विश्वविद्यालय के अधीन संचालित कृषि विज्ञान केंद्रों के प्रभारियों को कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद (उपकार) के स्थापना दिवस के अवसर पर लखनऊ स्थित भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान के सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदान किया गया।

विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव कुमार गुप्ता को कृषि प्रसार, कृषक प्रशिक्षण, नवीन कृषि तकनीकों के प्रचार-प्रसार, किसानों की आय में वृद्धि तथा कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें महानिदेशक उपकार डॉ. संजय सिंह ने सम्मानित किया।

इसी क्रम में विश्वविद्यालय के अधीन संचालित कृषि विज्ञान केंद्र, दिलीप नगर, कानपुर देहात के प्रभारी डॉ. अजय कुमार सिंह और कृषि विज्ञान केंद्र, फतेहपुर की प्रभारी डॉ. साधना वैश्य को भी सम्मानित किया गया। दोनों कृषि विज्ञान केंद्रों द्वारा अपने-अपने जनपदों में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी देने, उनकी आय बढ़ाने और समय-समय पर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को सराहा गया।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता, कृषि विभाग के प्रमुख सचिव एमके शन्नमुगा सुंदरम, महानिदेशक उपकार डॉ. संजय सिंह, उपकार के अध्यक्ष डॉ. विकास गुप्ता सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने कृषि क्षेत्र में तकनीकी नवाचार, कृषक प्रशिक्षण और आधुनिक कृषि पद्धतियों के प्रसार के महत्व पर जोर दिया।

विश्वविद्यालय के कुलपति एवं कृषि विज्ञान केंद्रों के प्रभारियों को मिले इस सम्मान से विश्वविद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों, अधिकारियों और कृषि विज्ञान केंद्रों के वैज्ञानिकों में हर्ष का माहौल है। विश्वविद्यालय परिवार ने इसे कृषि शिक्षा, अनुसंधान और प्रसार गतिविधियों के माध्यम से किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों की उपलब्धि बताया।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *