विजयादशमी पर 51 पौधे रोपकर दिया हरियाली का संदेश
सिद्धेश्वरी मंदिर परिसर में एसएसआई अनूप मिश्रा और शिक्षक डॉ. प्रदीप वर्मा ने की पहल, पर्यावरण संरक्षण के लिए किया जागरूक
उन्नाव। विजयादशमी के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए एसएसआई अनूप मिश्रा और शिक्षक एवं पर्यावरण प्रेमी डॉ. प्रदीप वर्मा ने सिद्धेश्वरी मंदिर परिसर में 51 पौधों और देववृक्षों का रोपण किया। इस दौरान लोगों से पौधों की देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण को जनअभियान बनाने की अपील की गई।
अनूप मिश्रा और डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि विजयादशमी बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। इस पर्व पर पौधरोपण के माध्यम से प्रदूषण और पर्यावरण असंतुलन के खिलाफ जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया है। वर्तमान समय में बढ़ता वायु प्रदूषण, पेड़ों की कटाई और हरित क्षेत्रों में कमी गंभीर चिंता का विषय है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को प्रकृति संरक्षण की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे वातावरण को स्वच्छ रखने, तापमान संतुलित करने, मिट्टी के कटाव को रोकने और पक्षियों व अन्य जीवों को आश्रय देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें नियमित पानी देना और सुरक्षित रखकर वृक्ष बनने तक उनकी देखभाल करना भी जरूरी है।
दोनों पर्यावरण प्रेमी लंबे समय से ग्रीन एंड क्लीन उत्तर प्रदेश अभियान के तहत पौधरोपण और पर्यावरण जागरूकता के कार्यों में जुटे हैं। नवरात्रि के दौरान कन्या पूजन कर कन्याओं को उपहार भी भेंट किए गए। इस पहल के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सरोकारों और प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया गया।
उन्होंने लोगों से अपील की कि जन्मदिन, त्योहार और अन्य विशेष अवसरों पर पौधे लगाएं तथा उनके संरक्षण का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि समाज की सामूहिक भागीदारी से ही स्वच्छ वातावरण और हरित भविष्य का सपना साकार किया जा सकता है।


