बारिश के बीच अपना दल (एस) की जनसभा में जुटी भीड़, अनुप्रिया पटेल ने कार्यकर्ताओं का जताया आभार

विधायक सरोज कुरील ने 101 किलो की माला पहनाकर किया स्वागत, बोलीं- बारिश में पहुंची भीड़ ने बढ़ाया उत्साह
घाटमपुर। लगातार हो रही बारिश के बावजूद शनिवार को घाटमपुर स्थित कैप्टन सुखवासी जनता स्मारक महाविद्यालय में अपना दल (एस) की जनसभा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे। जनसभा को पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने संबोधित किया। कार्यक्रम में घाटमपुर विधायक सरोज कुरील और बिंदकी विधायक जय कुमार जैकी भी मौजूद रहे। जनसभा की तैयारियों को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आशीष पटेल ने भी पहले समीक्षा बैठक की थी।

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं अनुप्रिया पटेल का घाटमपुर विधायक सरोज कुरील ने 101 किलो की माला पहनाकर स्वागत किया। लगातार बारिश के बीच मौजूद लोगों का विधायक ने अभिवादन किया। अपने संबोधन में सरोज कुरील ने कहा कि उन्होंने विधायक के रूप में नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता के बीच सेवक के तौर पर काम करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास के कार्य हुए हैं और आगे भी जनता की सेवा का अवसर मिला तो वह काम जारी रखेंगी।
बारिश में जुटी भीड़ पर नेताओं ने जताया आभार
बिंदकी विधायक जय कुमार जैकी ने भी बारिश के बीच जनसभा में पहुंचे लोगों का अभिवादन किया। उन्होंने अनुप्रिया पटेल को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण नेतृत्व बताते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने की बात कही। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।
‘कानपुर मेरी जन्मस्थली, यहां आना परिवार के बीच आने जैसा’

राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने कहा कि कानपुर उनकी जन्मस्थली है और यहां आना अपने परिवार के बीच आने जैसा महसूस होता है। उन्होंने पार्टी के गठन और अब तक के राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि अपना दल (एस) डॉ. सोनेलाल पटेल के विचारों और सिद्धांतों के आधार पर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने 2017 के विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन और जय कुमार जैकी को मंत्री बनाए जाने का भी उल्लेख किया। इसके साथ ही 2024 के लोकसभा चुनाव में मिर्जापुर से मिली जीत का जिक्र करते हुए उन्होंने क्षेत्र की जनता के प्रति आभार जताया। अनुप्रिया पटेल ने कहा कि पार्टी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं करती। उन्होंने आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर गठबंधन और संगठन की तैयारियों की बात कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया। बारिश के बीच हुई इस जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही। स्थानीय स्तर पर इसे पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रम के रूप में देखा गया।

