उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ व्रत का पारण, घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

कानपुर। शहर में सोमवार सुबह छठ पूजा के चार दिवसीय महापर्व का समापन उगते सूर्य को ऊषा अर्घ्य देने के साथ हुआ। गंगा नहर घाट समेत शहर के विभिन्न छठ पूजा स्थलों पर भोर से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। सूर्य की पहली लालिमा दिखाई देते ही व्रती महिलाओं ने कमर तक पानी में खड़े होकर विधि-विधान से भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। इसके साथ ही चार दिवसीय कठिन व्रत का पारण किया गया।
व्रती महिलाओं ने बांस के सूप में ठेकुआ, मौसमी फल और पूजन सामग्री सजाकर भगवान सूर्य की उपासना की। इस दौरान परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की गई। घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक लोकगीत गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के बाद एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
विधायक ने श्रद्धालुओं को दी शुभकामनाएं

सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र मैथानी ने शास्त्री नगर स्थित सेंटर पार्क छठ घाट पहुंचकर क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं को छठ पूजा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जय छठी मैया। छठ सूर्य उपासना का महापर्व है, जो आस्था, पवित्रता और समर्पण का प्रतीक है। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत में माताओं और बहनों की अटूट श्रद्धा तथा समर्पण देखने को मिलता है।


