कानपुर में बाढ़ और अतिवृष्टि प्रभावितों को 78.52 लाख की सहायता, 422 किसानों को मिला कृषि अनुदान

कानपुर में बाढ़ और अतिवृष्टि प्रभावितों को 78.52 लाख की सहायता, 422 किसानों को मिला कृषि अनुदान

डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने वितरित किए चेक, जनहानि और मकान क्षति के मामलों में भी दी गई आर्थिक मदद

 

कानपुर नगर। जनपद में बाढ़ और अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों एवं परिवारों को राहत देने के लिए जिला प्रशासन ने कुल 78 लाख 52 हजार 48 रुपये की आर्थिक सहायता वितरित की है। इसमें बाढ़ प्रभावित 422 किसानों को 8 लाख 71 हजार 548 रुपये का कृषि निवेश अनुदान दिया गया। वहीं, अतिवृष्टि से जनहानि और मकानों को हुए नुकसान के मामलों में 69 लाख 80 हजार 500 रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई। सोमवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने प्रभावित किसानों को सहायता राशि के चेक वितरित किए। इस दौरान गोरखपुर में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया।

गंगा और पांडु नदी की बाढ़ से प्रभावित हुए 422 किसान

जिला प्रशासन के अनुसार, सदर तहसील के पांच गांवों हिन्दूपुर, चिरान, प्रतापपुर हरि, पृथ्वीगंज और कटरी ख्योरा में गंगा नदी की बाढ़ से कृषि क्षेत्र प्रभावित हुआ था। इन गांवों के 387 किसानों को कुल 7 लाख 73 हजार 375 रुपये का कृषि निवेश अनुदान दिया गया। यहां 22.4761 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र प्रभावित हुआ था। वहीं, नर्वल तहसील के ग्राम देवसढ़ के मजरा खेड़ा डोमनपुर में पांडु नदी की बाढ़ से प्रभावित 35 किसानों को 98 हजार 173 रुपये की सहायता प्रदान की गई। इस क्षेत्र में 5.0607 हेक्टेयर कृषि भूमि प्रभावित हुई थी। इस प्रकार दोनों तहसीलों में कुल 27.5368 हेक्टेयर प्रभावित कृषि क्षेत्र के सापेक्ष 422 किसानों को सहायता उपलब्ध कराई गई।

अतिवृष्टि से जनहानि के 15 मामलों में 60 लाख की मदद

जनपद में एक अप्रैल से अब तक अतिवृष्टि के कारण हुई 15 जनहानियों के मामलों में प्रभावित परिवारों को कुल 60 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। इसके अलावा, 207 आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त कच्चे मकानों के लिए 8 लाख 28 हजार रुपये और पांच आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त पक्के मकानों के लिए 32 हजार 500 रुपये की सहायता प्रदान की गई। एक पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त कच्चे मकान के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये की गृह अनुदान सहायता भी दी गई। इस तरह जनहानि और मकान क्षति के मामलों में कुल 69 लाख 80 हजार 500 रुपये वितरित किए गए। कृषि निवेश अनुदान सहित आपदा प्रभावितों को कुल 78 लाख 52 हजार 48 रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई।

पात्र किसानों को समय पर सहायता देने के निर्देश

कार्यक्रम में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि आपदा प्रभावित किसानों को समयबद्ध तरीके से सहायता उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र किसान तक सहायता पहुंचाई जाए और कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी मदद से वंचित न रहे। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. विवेक चतुर्वेदी, तहसीलदार सदर विनय द्विवेदी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *