कार की रफ्तार धीमी करने को कहा तो युवक को दौड़ाकर पीटा
पेचकश से आंख के पास किया वार
कानपुर। जाजमऊ में तेज रफ्तार कार चलाने पर टोकना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि कार सवार युवक ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर उसे दौड़ाकर पकड़ा और सड़क पर गिराकर बेरहमी से पीटा। हमलावरों ने लात-घूंसों और बेल्ट से वार किए। इस दौरान पेचकश से युवक की आंख के पास भी हमला किया गया। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद आरोपी मौके से भाग निकले।
मारपीट का वीडियो मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। पुलिस ने पीड़ित की मां की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कार की रफ्तार पर टोकने से शुरू हुआ विवाद
अंबेडकर बस्ती निवासी समा परवीन ने बताया कि जाजमऊ की नूरी चुंगी स्थित बिरयानी की दुकान का संचालक अदनान तेज रफ्तार से कार लेकर मोहल्ले से गुजर रहा था। इस दौरान उनका बेटा जानू कार की चपेट में आने से बच गया। उसने अदनान से कार धीमी चलाने को कहा। आरोप है कि इस पर अदनान गाली-गलौज करने लगा। उसने कार खरीदने की बात कही और वहां से चला गया।
तीन साथियों के साथ लौटकर किया हमला
आरोप है कि अगले दिन अदनान अपने तीन साथियों के साथ दोबारा मोहल्ले में पहुंचा। चारों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर जानू को घेर लिया और मारपीट करने लगे। हमलावरों ने उसे दौड़ाकर पकड़ा और सड़क पर गिराकर लात-घूंसों व बेल्ट से पीटा। इसी दौरान पेचकश से उसकी आंख के पास वार किया गया। हमले में उसकी आंख बच गई, लेकिन गंभीर चोटें आईं।
वायरल वीडियो में युवक आरोपियों से बचने के लिए भागता दिखाई दे रहा है। हमलावर उसे दौड़ाकर पकड़ते हैं और जमीन पर गिराकर पीटने लगते हैं। शोर सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर युवक को बचाया।
चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल का कांशीराम अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर सोमवार देर रात अदनान समेत चार आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया।
थाना प्रभारी प्रशांत मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


