कानपुर में नकली खाद बनाने के कारोबार का भंडाफोड़, मकान में चल रहा था मिलावट का खेल
आईपीएल की पोटाश और पारादीप फॉस्फेट की खाली बोरियां समेत नमक, गेरू और पैकिंग का सामान बरामद, कृषि विभाग ने मकान सील कर शुरू की विधिक कार्रवाई
कानपुर नगर। जनपद में नकली खाद तैयार कर किसानों को धोखा देने के मामले का खुलासा हुआ है। प्राप्त सूचना के आधार पर विकासखंड कल्याणपुर क्षेत्र में मकसूदा बाद स्थित सनराइज चंद्रवंशी हॉस्पिटल के पास एक मकान में नकली पोटाश एवं नकली डीएपी खाद तैयार किए जाने की सूचना पर कृषि विभाग की टीम ने छापेमारी की।
मौके पर जांच के दौरान आईपीएल कंपनी की पोटाश और पारादीप फॉस्फेट कंपनी की डीएपी की खाली बोरियां बरामद हुईं। इसके अलावा नमक और गेरू की बोरियां, सम्राट सल्फर 90 प्रतिशत के पैकेट, वजन करने की मशीन, सिलाई मशीन तथा धागे के बंडल भी पाए गए। मौके पर मिले सामान से खाद की पैकिंग और तैयार करने की गतिविधियों की आशंका जताई गई है।
सूचना पर चौकी प्रभारी टिकरा, अपर जिला कृषि अधिकारी शिवम, वरिष्ठ सहायक मनोज सिंह चौहान तथा जिला कृषि अधिकारी अरुणेश प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में मकान को सील करने की कार्रवाई की गई।
कृषि विभाग की टीम द्वारा मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नकली खाद के कारोबार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। किसानों के हितों से जुड़े इस मामले में विभागीय जांच के जरिए पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।


