आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: टॉयलेट के लिए खड़ी स्कूली बस में आलू लदे ट्रक ने मारी टक्कर, चार छात्रों की मौत, 35 घायल
चीख-पुकार के बीच चला रेस्क्यू ऑपरेशन

कन्नौज। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। वृंदावन और मथुरा से शैक्षणिक भ्रमण व पिकनिक मनाकर लौट रहे कौशांबी के ओरिएंट पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं से भरी बस को पीछे से आए तेज रफ्तार आलू लदे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि करीब 35 छात्र घायल हो गए। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई। बस में फंसे बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी सहम गए। सूचना पर पहुंची पुलिस, यूपीडा और राहत-बचाव टीमों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
हादसा ठठिया थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 209.9 पर हुआ। जानकारी के मुताबिक, कौशांबी स्थित ओरिएंट पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राएं शैक्षणिक भ्रमण और पिकनिक के लिए मथुरा और वृंदावन गए थे। भ्रमण पूरा करने के बाद मंगलवार सुबह सभी बच्चे बस से अपने घर लौट रहे थे। बस में करीब 50 छात्र-छात्राओं के अलावा छह शिक्षक भी सवार थे। सफर के दौरान सुबह बस को बच्चों के टॉयलेट जाने के लिए एक्सप्रेसवे पर रोका गया था। इसी दौरान आगरा की तरफ से आ रहा आलू से लदा तेज रफ्तार ट्रक बस में पीछे से जा घुसा।
टक्कर से बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, ट्रक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर लगते ही बस में बैठे बच्चों में चीख-पुकार मच गई। कई बच्चे सीटों के बीच फंस गए, जबकि कुछ सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। आसपास से गुजर रहे वाहन सवार और स्थानीय लोगों ने राहत कार्य में मदद की। बच्चों को बस से बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाए गए घायल
हादसे की सूचना मिलते ही ठठिया थाना पुलिस, यूपीडा की सुरक्षा टीम और प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। कुछ ही देर में कई एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव दल ने बस में फंसे बच्चों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों की टीम ने घायलों का उपचार शुरू किया। हादसे में चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि करीब 35 बच्चे घायल हुए हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर होने की जानकारी सामने आई है। चिकित्सकों को सभी बच्चों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
डीएम और एसपी पहुंचे मेडिकल कॉलेज
हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार भी तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घायल छात्र-छात्राओं का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनकी स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि घायलों के इलाज में किसी तरह की लापरवाही न हो। गंभीर रूप से घायल बच्चों को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही आवश्यक दवाओं और चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
बच्चों के परिजनों में मचा कोहराम
उधर, हादसे की खबर कौशांबी पहुंचते ही बच्चों के परिजनों में कोहराम मच गया। जिन परिवारों के बच्चे शैक्षणिक भ्रमण पर गए थे, वे उनकी कुशलक्षेम जानने के लिए बेचैन हो उठे। कई परिजन कन्नौज के लिए रवाना हो गए। जिन परिवारों के बच्चों की मौत हुई है, उनके घरों में मातम पसरा है। जिस यात्रा से बच्चे नई यादें और अनुभव लेकर लौटने वाले थे, वह अचानक कई परिवारों के लिए जिंदगी का सबसे दर्दनाक दिन बन गई।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने दुर्घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई और जांच शुरू किए जाने की जानकारी दी। पुलिस ट्रक चालक की भूमिका और दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है। यह भी जांच का विषय है कि एक्सप्रेसवे पर बस को रोकने के दौरान सुरक्षा के निर्धारित इंतजाम किए गए थे या नहीं और ट्रक चालक का वाहन से नियंत्रण कैसे हटा। हादसे ने एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर सड़क सुरक्षा, भारी वाहनों की रफ्तार और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


