मिशन-2027 की कमान संभालेंगे अमित शाह

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत केंद्रीय नेताओं के भी बढ़ेंगे दौरे


लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कौशल दीक्षांत समारोह के मंच से चुनावी अभियान का संदेश देने के बाद अब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह प्रदेश में पार्टी की रणनीति को धार देंगे। अगले महीने से उनके उत्तर प्रदेश दौरे शुरू कराने की तैयारी है। माना जा रहा है कि अमित शाह अपने चुनावी अभियान की शुरुआत पूर्वांचल से कर सकते हैं। हालांकि, दौरे का अंतिम कार्यक्रम अभी तय नहीं हुआ है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, विधानसभा चुनाव में अमित शाह ही भाजपा के मुख्य रणनीतिकार की भूमिका निभाएंगे। इसे देखते हुए सरकार और संगठन दोनों स्तरों पर उनके कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है। शाह का दौरा केवल राजनीतिक सभाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि संगठन की मजबूती, बूथ प्रबंधन, जातीय और सामाजिक समीकरणों की पड़ताल तथा कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। दो दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के जरिये भाजपा ने विकास, रोजगार और युवा शक्ति को चुनावी विमर्श के केंद्र में रखने की कोशिश की थी। अब अमित शाह के कार्यक्रमों के माध्यम से इन मुद्दों को संगठनात्मक स्तर पर आगे बढ़ाने की तैयारी है। चुनावी रणनीति बनाने, बूथ स्तर पर प्रबंधन मजबूत करने और राजनीतिक समीकरणों को साधने में अमित शाह की भूमिका अहम मानी जाती है। उनके दौरे से कार्यकर्ताओं को यह संदेश देने की कोशिश होगी कि केंद्रीय नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश चुनाव की तैयारियों को गंभीरता से लेना शुरू कर दिया है। पूर्वांचल से अभियान की शुरुआत की संभावना इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह क्षेत्र विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए निर्णायक भूमिका निभाता रहा है। यहां संगठन को मजबूत करने के साथ विपक्ष के प्रभाव वाले क्षेत्रों में अपनी राजनीतिक स्थिति बेहतर बनाने की रणनीति तैयार की जाएगी। अमित शाह के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत अन्य केंद्रीय नेताओं के दौरे भी प्रदेश में शुरू होंगे। इससे चुनावी गतिविधियों को गति मिलेगी और पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व लगातार कार्यकर्ताओं के संपर्क में रहेगा। भाजपा की योजना अगले महीने से प्रदेश में चुनावी माहौल को सक्रिय करने और मिशन-2027 की तैयारियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने की है।
पूर्वांचल पर रहेगा विशेष जोर
भाजपा के चुनावी अभियान की शुरुआत पूर्वांचल से होने के संकेत मिल रहे हैं। यह क्षेत्र राजनीतिक और चुनावी दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। पार्टी यहां संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और विपक्ष के प्रभाव वाले क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम करेगी। अमित शाह के दौरे में स्थानीय राजनीतिक समीकरणों की समीक्षा भी महत्वपूर्ण एजेंडा हो सकती है।
केंद्रीय नेताओं के दौरों से तेज होगी चुनावी हलचल
अमित शाह के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और अन्य केंद्रीय नेताओं के भी उत्तर प्रदेश में दौरे बढ़ेंगे। पार्टी की कोशिश है कि चुनावी तैयारियां केवल बड़ी सभाओं तक सीमित न रहें, बल्कि संगठन के प्रत्येक स्तर पर गतिविधियां तेज हों। केंद्रीय नेताओं के प्रवास से कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बढ़ाने, संगठनात्मक कमियों को दूर करने और चुनावी रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया जाएगा।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *