शामली में सिलेंडर ब्लास्ट से मां और दो बेटियों की जिंदा जलकर मौत, छत गिरने से मलबे में दबे शव

रात 12 बजे सोते समय किचन में लगी आग ने चंद सेकंड में पूरे घर को लिया चपेट में; पति और दो बेटे दूसरे कमरे में होने से बच गए, दो घंटे चला रेस्क्यू

शामली। जिले के कैड़ी गांव में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में मां और उसकी दो बेटियों की जिंदा जलकर मौत हो गई। घर के किचन में आग लगने के बाद सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। धमाके के कारण कमरे और किचन की छत भी भरभराकर गिर गई। मां और बेटियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। बगल के कमरे में सो रहे पति और दो बेटे बाल-बाल बच गए। करीब दो घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मलबे से तीनों के जले हुए शव निकाले गए। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें सिलेंडर ब्लास्ट की घटना कैद हुई है।

हादसा जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर बाबरी थाना क्षेत्र के कैड़ी गांव में रात करीब 12 बजे हुआ। मृतकों की पहचान शाहिदा (32), उनकी बेटियों अदन (13) और माहिरा (11) के रूप में हुई है। तीनों उस समय किचन से सटे कमरे में सो रही थीं।

चीख-पुकार सुनकर जागे पति और बेटे, बचाने की कोशिश नाकाम

साजिद (35) अपने परिवार के साथ गांव में रहते हैं। वह घर से ही मोतियों की माला बनाने का कारोबार करते हैं। मकान में दो कमरे, एक किचन और एक हॉल है। बुधवार रात शाहिदा अपनी दोनों बेटियों के साथ किचन से सटे कमरे में सो रही थीं, जबकि साजिद अपने बेटों रेहान (9) और अशरफ (4) के साथ दूसरे कमरे में थे।

रात करीब 12 बजे अचानक किचन में आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग शाहिदा और बेटियों के कमरे तक पहुंच गई। लपटों में घिरने के बाद तीनों चीखने-चिल्लाने लगीं। आवाज सुनकर साजिद और दोनों बेटों की नींद खुल गई। वे दौड़कर पहुंचे और आग बुझाकर मां-बेटियों को बचाने की कोशिश करने लगे, लेकिन लपटें इतनी विकराल थीं कि वे अंदर नहीं जा सके। इसी दौरान किचन में रखे सिलेंडर में विस्फोट हो गया। धमाके से मकान की छत भी गिर गई।

धूल और धुएं के बीच मोबाइल टॉर्च से तलाशे शव

धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हालांकि, तब तक आग की चपेट में आकर तीनों की मौत हो चुकी थी।

थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह के मुताबिक, सिलेंडर ब्लास्ट के बाद मकान में ईंट और मिट्टी का मलबा फैल गया था। धूल और धुएं के कारण रेस्क्यू टीम को अंदर देखने में परेशानी हो रही थी। मोबाइल फोन की टॉर्च की मदद से मलबे के बीच शवों की तलाश करनी पड़ी। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शाहिदा और उनकी दोनों बेटियों के जले हुए शव बाहर निकाले गए। मकान की छत कच्ची थी। आग बांस और बल्लियों तक पहुंच गई, जिससे छत भरभराकर गिर गई।

ढाई से तीन लाख का माल राख, 200 महिलाओं के रोजगार पर संकट

हादसे में परिवार का घर ही नहीं, बल्कि घर से चलने वाला माला बनाने का कारोबार भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। पड़ोस की एक महिला ने बताया कि शाहिदा के घर में मोतियों की माला बनाने के लिए बड़ी मात्रा में कच्चा माल रखा था। इसकी कीमत करीब ढाई से तीन लाख रुपये बताई जा रही है, जो आग में जलकर राख हो गया।

शाहिदा के साथ गांव और आसपास की करीब 200 महिलाएं माला बनाने का काम करती थीं। महिलाएं उनके घर से कच्चा माल लेकर जाती थीं और माला तैयार करने के बाद वापस जमा करती थीं। इस हादसे में माल जलने के साथ ही इन महिलाओं के रोजगार पर भी संकट खड़ा हो गया है।

शादी में जाने की तैयारी थी, शाम को लगाई थी मेहंदी

पड़ोसियों के मुताबिक, परिवार बागपत में अपनी भांजी की शादी में शामिल होने की तैयारी कर रहा था। घर में शादी को लेकर खुशियों का माहौल था। शाहिदा और उनकी दोनों बेटियों ने बुधवार शाम को ही हाथों में मेहंदी लगाई थी। खरीदारी भी पूरी हो चुकी थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ घंटों बाद खुशियों से भरे घर में ऐसा मातम छा जाएगा। जिस परिवार को शादी में शामिल होने जाना था, वहां अब मां और दोनों बेटियों की मौत से कोहराम मचा हुआ है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *