चक्रवाती तूफान अकवान का खतरा, 10 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट; 90 से 110 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
शुक्रवार दोपहर आंध्र प्रदेश और ओडिशा के बीच तट से टकराने का अनुमान, ओडिशा में 50 हजार लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए; रेलवे ने बदला तीन ट्रेनों का समय

नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अकवान का खतरा लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, तूफान शुक्रवार दोपहर आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच तट से टकरा सकता है। इस दौरान 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। तूफान के प्रभाव से आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश हो रही है। ओडिशा में अब तक करीब 50 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। छह जिलों में 19 से 21 नवंबर तक स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, चक्रवात का असर देश के 10 राज्यों में देखने को मिल सकता है। संभावित खतरे को देखते हुए नौसेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मछुआरों को समुद्र में न जाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, रेलवे ने भी एहतियातन गुरुवार को तीन ट्रेनों के रवाना होने का समय बदल दिया।
10 राज्यों में चक्रवात का असर, बचाव की तैयारियां तेज
1. आंध्र प्रदेश: सबसे ज्यादा खतरे की आशंका
आंध्र प्रदेश में चक्रवात का सबसे ज्यादा असर पड़ने की आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार, 19 और 20 नवंबर को तटीय इलाकों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। तूफान के 20 नवंबर को नेल्लोर और विशाखापट्टनम के बीच तट से टकराने का भी अनुमान जताया गया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। तटीय जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। एनडीआरएफ की 13 और एसडीआरएफ की 11 टीमें तैनात की गई हैं। मछुआरों को समुद्र में न जाने और किसानों को फसल सुरक्षित करने की सलाह दी गई है।
2. ओडिशा: 50 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया
ओडिशा में 18 से 21 नवंबर के बीच भारी बारिश का अनुमान है। गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कोरापुट और मलकानगिरी जिलों में इसका ज्यादा असर हो सकता है। निचले इलाकों में जलभराव और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा जताया गया है। सरकार ने आठ जिलों में दो लाख से अधिक संवेदनशील लोगों की पहचान की है, जिन्हें जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा। राहत केंद्र तैयार किए गए हैं। हरभंगी और बदनाला बांधों से पानी छोड़ा जा रहा है। समुद्र में ऊंची लहरें उठने की आशंका के चलते तटीय इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
3. तमिलनाडु: तटीय इलाकों में जलभराव का खतरा
उत्तरी तमिलनाडु में 18 और 19 नवंबर को भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। चेन्नई समेत तटीय इलाकों में जलभराव की आशंका है। हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। समुद्र में ऊंची लहरें उठने की संभावना को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
4. पुडुचेरी: तेज हवाओं के साथ भारी बारिश
पुडुचेरी और कराईकल में 18 से 20 नवंबर के बीच भारी बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। समुद्र में ऊंची लहरें उठने से तटीय क्षेत्रों में परेशानी हो सकती है। प्रशासन को समुद्र की स्थिति और बारिश पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
5. तेलंगाना: पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश के आसार
तेलंगाना में 20 और 21 नवंबर को भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। राज्य के पूर्वी हिस्सों में इसका ज्यादा असर रहने का अनुमान है। निचले इलाकों में पानी भरने और स्थानीय स्तर पर बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका है। प्रशासन को संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
6. पश्चिम बंगाल: दक्षिणी जिलों में बारिश की चेतावनी
पश्चिम बंगाल के दक्षिणी हिस्सों में 19 और 20 नवंबर को बारिश हो सकती है। दक्षिण 24 परगना, पूर्वी मिदनापुर, पश्चिमी मिदनापुर और झारग्राम के कुछ इलाकों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है।
7. झारखंड: 20 और 21 नवंबर को बारिश का अनुमान
झारखंड के कुछ हिस्सों में 20 और 21 नवंबर को बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं भारी बारिश की भी संभावना है। स्थानीय प्रशासन को मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार सतर्क रहने को कहा गया है।
8. छत्तीसगढ़: कई जिलों में बारिश के आसार
चक्रवात सीधे छत्तीसगढ़ के तट से नहीं टकराएगा, लेकिन इसके प्रभाव से 20 और 21 नवंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। दक्षिणी और उत्तरी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान है।
9. बिहार: पांच जिलों में बारिश की संभावना
बिहार तक भी चक्रवात का असर पहुंच सकता है। गया और नवादा समेत पांच जिलों में 20 और 21 नवंबर को बारिश होने की संभावना जताई गई है।
10. मध्य प्रदेश: पूर्वी हिस्से में आंधी-बारिश का अनुमान
मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में चक्रवात का असर देखने को मिल सकता है। इसके चलते अगले दो दिनों में कुछ इलाकों में बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका है।
ईरान ने पौराणिक राक्षस के नाम पर रखा अकवान नाम
बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में उठने वाले चक्रवातों के नाम रखने की व्यवस्था वर्ष 2000 में शुरू हुई थी। इसके लिए भारत समेत क्षेत्र के कई देशों ने मिलकर नामों की सूची तैयार की थी। वर्ष 2018 में ईरान, कतर, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और यमन समेत अन्य देशों को भी इस व्यवस्था में शामिल किया गया। तय सूची के अनुसार बारी-बारी से चक्रवातों के नाम रखे जाते हैं।
इस बार चक्रवात का नाम ईरान ने दिया है। अकवान नाम फारसी पौराणिक कथाओं के एक राक्षस से जुड़ा है। इसका उल्लेख प्रसिद्ध महाकाव्य ‘शाहनामा’ में मिलता है। कथा के अनुसार, अकवान एक शक्तिशाली दानव था, जिसका मुकाबला योद्धा रुस्तम से हुआ था।


