खरीफ क्रय केंद्र का एसडीएम ने किया निरीक्षण, बोले-किसानों को न हो असुविधा
तौल में टोकन व्यवस्था लागू करने और नमी मापन में पारदर्शिता बरतने के दिए निर्देश, बिचौलियों की मौजूदगी पर कार्रवाई की चेतावनी
घाटमपुर। खरीफ फसल की सरकारी खरीद में किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो और क्रय केंद्रों पर पारदर्शी व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। बुधवार शाम उपजिलाधिकारी अविचल प्रताप सिंह ने नगर स्थित मंडी परिसर में संचालित खरीफ क्रय केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र प्रभारियों और कर्मचारियों को खरीद प्रक्रिया सुचारु रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने क्रय केंद्र पर बोरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसानों की उपज खरीदने में किसी तरह की बाधा न आए। उन्होंने तौल प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने के लिए टोकन व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए। कहा कि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े और सभी की बारी के अनुसार तौल कराई जाए।
एसडीएम ने नमी मापन की प्रक्रिया में विशेष सतर्कता और पारदर्शिता बरतने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों की उपज में नमी की जांच निष्पक्ष तरीके से की जाए। इस दौरान किसी भी तरह की मनमानी या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी खरीद व्यवस्था में बिचौलियों की कोई भूमिका नहीं होनी चाहिए। क्रय केंद्र पर किसी बिचौलिए की मौजूदगी मिलने या किसानों के हितों के साथ खिलवाड़ किए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम ने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए। शासन की मंशा के अनुरूप खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी जाए, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।


