गोवंश की गला काटकर हत्या, शव दफनाने की तैयारी पर भड़के भाजपा कार्यकर्ता

गोवंश की गला काटकर हत्या, शव दफनाने की तैयारी पर भड़के भाजपा कार्यकर्ता

छावनी परिषद के टंचिंग ग्राउंड में जेसीबी से खुदवाया गया था गड्ढा, हिंदूवादी संगठनों ने रुकवाई कार्रवाई; दो संदिग्ध हिरासत में, फेथफुलगंज चौकी प्रभारी निलंबित

कानपुर। शहर में गोवंश की गला काटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आने के बाद हंगामा खड़ा हो गया। घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे। आरोप है कि पुलिस ने आनन-फानन में गोवंश के शव को गाड़ी में लदवाकर पन्नी से ढक दिया और छावनी परिषद के छबीलेपुरवा स्थित टंचिंग ग्राउंड पहुंच गई। यहां जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर शव को जल्दबाजी में दफनाने की तैयारी शुरू कर दी गई। इसकी जानकारी मिलते ही भाजपा कार्यकर्ता और हिंदूवादी संगठनों के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शव दफनाने की कार्रवाई रुकवा दी और घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की।

लोगों का आरोप है कि बिना लिखित अनुमति के ही पोस्टमार्टम भी करा दिया गया। इससे मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश और बढ़ गया। कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाया कि इतनी गंभीर घटना में पारदर्शी कार्रवाई करने के बजाय शव को जल्दबाजी में दफनाने की तैयारी क्यों की गई।

दोषियों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग

घटनास्थल पर पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं और हिंदूवादी संगठनों के लोगों ने दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। स्थानीय लोगों का कहना था कि आजाद पार्क के आसपास पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद ऐसी वारदातों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग सका है। लगातार सामने आ रही घटनाओं से पुलिस की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

मौके पर पहुंचीं कैंट एसीपी प्रियंका बाजपेई ने आक्रोशित लोगों को समझाया। उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। इसके बाद शव को दफनाया गया।

चौकी प्रभारी निलंबित, दो संदिग्ध हिरासत में

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस उपायुक्त सत्यजीत गुप्ता भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

डीसीपी ने कार्रवाई करते हुए फेथफुलगंज चौकी प्रभारी विकास शर्मा को निलंबित कर दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *