खुले नाले ने छीन ली अधेड़ की जिंदगी, 20 मिनट तक तड़पते रहे, किसी ने नहीं बढ़ाया मदद का हाथ

खुले नाले ने छीन ली अधेड़ की जिंदगी, 20 मिनट तक तड़पते रहे, किसी ने नहीं बढ़ाया मदद का हाथ

घर के बाहर बैठे-बैठे अचानक गश खाकर नगर निगम के खुले नाले में गिरे, पत्नी-बेटी बाजार से लौटीं तो औंधे मुंह पड़ा मिला शव; सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद व्यवस्था पर उठे सवाल

कानपुर। शहर में खुले नाले लोगों की जिंदगी के लिए किस कदर खतरनाक साबित हो रहे हैं, इसकी दर्दनाक तस्वीर चकेरी के श्यामनगर में सामने आई। कर्मचारी नगर निवासी 45 वर्षीय हरिशंकर बाजपेई की खुले नाले में गिरकर मौत हो गई। वह घर के बाहर बैठे थे, तभी अचानक गश खाकर नगर निगम के खुले कनेक्टिंग नाले में गिर पड़े। आरोप है कि करीब 20 मिनट तक वह नाले में औंधे मुंह पड़े तड़पते रहे, लेकिन किसी ने उन्हें बाहर निकालने या मदद पहुंचाने की कोशिश नहीं की। बाजार से पत्नी और बेटी लौटीं तो उन्हें नाले में पड़ा देखा। पत्नी ने किसी तरह बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। मंगलवार को हुई इस घटना का सीसीटीवी फुटेज बुधवार को सोशल मीडिया पर सामने आया तो नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।

चकेरी के श्यामनगर स्थित कर्मचारी नगर निवासी हरिशंकर बाजपेई हलवाई का काम करते थे। परिवार में पत्नी नीलम और 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली बेटी परी है। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब 2:17 बजे हरिशंकर घर के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक उन्हें चक्कर आया और वह पास में बने नगर निगम के खुले कनेक्टिंग नाले में गिर पड़े। उस समय पत्नी नीलम अपनी बेटी के साथ बाजार गई हुई थीं।

कुछ देर बाद मां-बेटी घर लौटीं तो हरिशंकर को नाले में औंधे मुंह पड़ा देखा। यह दृश्य देखकर पत्नी के होश उड़ गए। उन्होंने किसी तरह उन्हें नाले से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस उन्हें कांशीराम अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पति की मौत की खबर सुनते ही नीलम बदहवास हो गईं। वहीं, बेटी परी के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया।

सीसीटीवी में कैद हुआ मौत का मंजर

बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया। वीडियो में हरिशंकर घर के बाहर बैठे दिखाई दे रहे हैं। पत्नी और बेटी के बाजार जाने के बाद वह अचानक गश खाकर खुले नाले में गिर जाते हैं। नाले में मुंह के बल गिरने के बाद वह दोबारा बाहर नहीं निकल पाते। इस घटना ने आसपास के खुले नाले और सुरक्षा इंतजामों की हकीकत उजागर कर दी है।

20 मिनट तक नाले में पड़े रहने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि हरिशंकर करीब 20 मिनट तक नाले में पड़े रहे। इस दौरान आसपास से लोगों की आवाजाही भी रही, लेकिन किसी ने उन्हें बाहर निकालने की जहमत नहीं उठाई। परिवार का कहना है कि यदि समय रहते किसी ने उन्हें नाले से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की होती तो शायद उनकी जान बच सकती थी। हालांकि, इस दौरान आसपास मौजूद लोगों को घटना की जानकारी थी या नहीं, यह जांच का विषय है।

खुले नाले ने फिर खोली नगर निगम की पोल

इस हादसे ने नगर निगम की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर में जगह-जगह खुले नाले और नालियां हादसों को न्योता दे रहे हैं। कई स्थानों पर नालों को ढकने के इंतजाम नहीं हैं और न ही ऐसे स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा घेरा बनाया गया है। सवाल यह है कि रिहायशी इलाके में खुला नाला लोगों की जान के लिए खतरा बना हुआ था तो उसे सुरक्षित करने के लिए जिम्मेदार विभाग ने समय रहते कदम क्यों नहीं उठाए?

परिवार ने नगर निगम की लापरवाही को हादसे की वजह बताते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया था। मौत का सटीक चिकित्सकीय कारण भी स्पष्ट नहीं हो सका है।

कार्यवाहक थाना प्रभारी जावेद अहमद ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया था। मामले की जांच की जा रही है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *