सुप्रीम कोर्ट से आजम खान को बड़ी राहत, ईडी की याचिका खारिज; जेल से बाहर ही रहेंगे
इलाहाबाद हाईकोर्ट से मिली अंतरिम जमानत पर रोक लगाने की मांग ठुकराई, शीर्ष अदालत बोली- अंतरिम आदेश में दखल नहीं देंगे; 10 दिसंबर को हाईकोर्ट में अगली सुनवाई

नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से गुरुवार को बड़ी राहत मिली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से इलाहाबाद हाईकोर्ट के अंतरिम जमानत आदेश को चुनौती देने वाली याचिका शीर्ष अदालत ने खारिज कर दी। अदालत ने स्पष्ट किया कि हाईकोर्ट ने अंतरिम राहत दी है, इसलिए फिलहाल उसमें हस्तक्षेप करने का कोई आधार नहीं है। साथ ही कहा कि हाईकोर्ट की अंतरिम टिप्पणियों का मामले के अंतिम फैसले पर कोई असर नहीं पड़ेगा। इस फैसले के बाद आजम खान की अंतरिम जमानत बरकरार रहेगी।
ईडी ने मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आजम खान को मिली अंतरिम जमानत के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 17 नवंबर को उनकी गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए अंतरिम जमानत दी थी। गुरुवार को सुनवाई शुरू होने के कुछ ही मिनटों में सुप्रीम कोर्ट ने ईडी की चुनौती खारिज कर दी।
हाईकोर्ट ने गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर उठाए थे सवाल
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 17 नवंबर को आजम खान की याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा था कि प्रथम दृष्टया गिरफ्तारी के दौरान संविधान के अनुच्छेद 22(1) और पीएमएलए की धारा 19 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पूरी तरह पालन नहीं किया गया। अदालत ने उन्हें निजी मुचलके और समान राशि की दो जमानतें जमा करने पर अंतरिम रिहाई देने का आदेश दिया था। ईडी को मामले में विस्तृत जवाब दाखिल करने के लिए एक सप्ताह का समय भी दिया गया था। अगली सुनवाई 10 दिसंबर को होनी है।
ईडी ने कहा- आदेश जल्दबाजी में पारित किया गया
ईडी की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू ने हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती देते हुए दलील दी थी कि एजेंसी को पूरा जवाब दाखिल करने का पर्याप्त अवसर नहीं मिला। ईडी का कहना था कि आदेश अंतरिम राहत के बजाय अंतिम आदेश जैसा है और इसे जल्दबाजी में पारित किया गया। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने अंतरिम आदेश में दखल देने से इनकार कर दिया।
इससे पहले बुधवार को ईडी ने तत्काल सुनवाई की मांग की थी। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष एजेंसी ने रिहाई पर रोक लगाने की मांग भी रखी थी, लेकिन अदालत ने इसे स्वीकार नहीं किया। पीठ ने टिप्पणी की थी कि आजम खान को अंतरिम जमानत पर रहने दीजिए, कोई आसमान नहीं टूट पड़ेगा।
40 मिनट बाद ही ईडी ने कर लिया था गिरफ्तार
आजम खान को 31 अक्टूबर को रामपुर जेल से एक अन्य मामले में रिहाई मिलने के करीब 40 मिनट बाद ही ईडी ने गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद उन्हें गाजियाबाद की डासना जेल में रखा गया। उन्होंने ईडी की गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। पांच नवंबर को शीर्ष अदालत ने उन्हें पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट जाने को कहा और मामले की जल्द सुनवाई के निर्देश दिए थे। हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद आजम खान बुधवार शाम डासना जेल से बाहर आए और रात करीब 10 बजे रामपुर पहुंचे।
जेल से बाहर आकर बेटे का माथा चूमा, बोले- चुनाव नहीं, इंकलाब होगा
जेल से रिहा होने के बाद आजम खान ने अपने बड़े बेटे अदीब का माथा चूमा। रामपुर पहुंचने पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, “चुनाव नहीं होगा, इंकलाब होगा। बदलाव नहीं होगा, सैलाब होगा।” उन्होंने कहा कि अब लोग धर्म और जाति के नाम पर नहीं, बल्कि मुद्दों पर लड़ाई लड़ेंगे। संविधान और विधान के लिए संघर्ष जारी रखने की बात भी कही।
आजम खान ने ईडी पर तंज कसते हुए कहा कि एजेंसी को अपनी छवि सुधारनी चाहिए। उन्होंने न्यायालय का आभार जताते हुए कहा कि इस फैसले से न्याय व्यवस्था और संविधान में उनका विश्वास और मजबूत हुआ है।


