क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग में सीएसजेएमयू ने बनाई जगह, यूपी के राज्य विश्वविद्यालयों में पहला स्थान

क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग में सीएसजेएमयू ने बनाई जगह, यूपी के राज्य विश्वविद्यालयों में पहला स्थान

वैश्विक स्तर पर 1301-1400 बैंड में मिली जगह, देश में 61वीं और एशिया में 490वीं रैंक; सुशासन में मिले 80.1 अंक

कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है। क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग-2027 में विश्वविद्यालय ने उत्तर प्रदेश के राज्य विश्वविद्यालयों में पहला स्थान हासिल किया है। 47.8 अंकों के साथ विश्वविद्यालय को वैश्विक स्तर पर 1301-1400 बैंड में जगह मिली है। वहीं एशिया में 490वीं और देश में 61वीं रैंक प्राप्त हुई है।

क्यूएस की ओर से जारी इस रैंकिंग में दुनिया के 2004 उच्च शिक्षण संस्थानों को शामिल किया गया है। इसमें पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समावेशन, संस्थागत सुशासन और सतत विकास के क्षेत्र में विश्वविद्यालयों के प्रदर्शन का आकलन किया गया है। सीएसजेएमयू ने सुशासन और समानता जैसे मानकों पर बेहतर प्रदर्शन किया है। विश्वविद्यालय को सुशासन में 100 में से 80.1 और समानता में 62 अंक मिले हैं।

पर्यावरणीय स्थिरता में मिले 56 अंक

अलग-अलग मानकों पर विश्वविद्यालय को पर्यावरणीय स्थिरता में 56, ज्ञान के आदान-प्रदान में 55.2 और पर्यावरणीय प्रभाव में 48.8 अंक मिले हैं। स्वास्थ्य एवं कल्याण में 48.1, पर्यावरणीय शोध में 45.4 और पर्यावरणीय शिक्षा में 44 अंक प्राप्त हुए हैं। सामाजिक प्रभाव के क्षेत्र में 40.2 और रोजगार एवं उसके परिणामों में 22.2 अंक मिले हैं।

शोध और रोजगारपरक शिक्षा पर रहेगा जोर

विश्वविद्यालय प्रशासन का लक्ष्य आने वाले वर्षों में शोध गतिविधियों को बढ़ावा देने, पर्यावरण संरक्षण, समावेशी शिक्षा और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों के माध्यम से अपनी स्थिति और बेहतर करना है। कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह शिक्षकों, कर्मचारियों, अधिकारियों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। विश्वविद्यालय पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक विकास और शोध को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन को भी दिया।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *