हाईवे पर टायर फटने से पलटी परचून लदी डीसीएम, चालक समेत चार घायल

कानपुर से फतेहपुर के खागा जा रहा था वाहन, सड़क पर बिखरा सामान; करीब एक घंटे तक लगा रहा जाम

कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र में कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर मंगलवार भोर पहर पुरवामीर स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर के पास परचून का सामान लदी डीसीएम का टायर फटने से बड़ा हादसा हो गया। टायर फटते ही डीसीएम अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई। हादसे में चालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, डीसीएम में लदा परचून का सामान सड़क पर बिखरने से हाईवे पर करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।

जानकारी के मुताबिक, डीसीएम कानपुर के घंटाघर से परचून का सामान लादकर फतेहपुर के खागा जा रही थी। मंगलवार भोर पहर पुरवामीर के पास अचानक वाहन का टायर फट गया। चालक जब तक वाहन को संभाल पाता, डीसीएम अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे में डीसीएम चालक शकील (48) पुत्र कल्लू निवासी मोहम्मदपुर कला थाना थरियांव, फतेहपुर, महेंद्र सिंह (27) पुत्र गजराज सिंह निवासी शिकारपुर थाना खागा, धर्मेंद्र (35) पुत्र गजराज सिंह और ओम किशन (42) पुत्र स्व. शिवभूषण निवासी पूरा थाना खागा घायल हो गए।

एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल भेजा

डीसीएम पलटने से उसमें लदा परचून का सामान हाईवे पर फैल गया। इससे कानपुर-प्रयागराज मार्ग पर वाहनों की कतार लग गई और करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। सूचना पर महाराजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस से सरसौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।

इसके बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त डीसीएम को हाईवे से किनारे कराया। सड़क से सामान हटवाने के बाद यातायात सुचारू हो सका।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *