आयोग सदस्य रमेश चन्द्र कुण्डे 18 व 19 नवंबर को करेंगे कानपुर का दो दिवसीय दौरा
घाटमपुर में करेंगे तहसील स्तरीय जनसुनवाई, बिठूर और कल्याणपुर की दलित एवं वाल्मीकि बस्तियों में पहुंचकर योजनाओं का लेंगे फीडबैक
कानपुर नगर। उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य रमेश चन्द्र कुण्डे 18 एवं 19 नवंबर को जनपद कानपुर नगर के दो दिवसीय भ्रमण पर रहेंगे। इस दौरान वह विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के लोगों से सीधा संवाद करेंगे। साथ ही जनसुनवाई के माध्यम से लोगों की समस्याएं सुनने के अलावा अनुसूचित छात्रावासों और नगर पालिका की व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, आयोग सदस्य रमेश चन्द्र कुण्डे 18 नवंबर को घाटमपुर पहुंचेंगे। यहां तहसील सभागार में तहसील स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। जनसुनवाई के दौरान वह अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के लोगों की समस्याएं सुनेंगे और संबंधित मामलों की जानकारी प्राप्त करेंगे। इसके बाद अनुसूचित छात्रावास एवं नगर पालिका का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।
इसके साथ ही आयोग सदस्य क्षेत्र की अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग की बस्तियों में पहुंचकर लोगों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान शासन की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। लोगों से योजनाओं का लाभ मिलने की स्थिति के बारे में भी संवाद किया जाएगा, ताकि पात्र व्यक्तियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचने की स्थिति का जायजा लिया जा सके।
वहीं, 19 नवंबर को आयोग सदस्य का कार्यक्रम बिठूर एवं कल्याणपुर क्षेत्र में निर्धारित है। इस दिन वह क्षेत्र की वाल्मीकि एवं दलित बस्तियों का भ्रमण करेंगे। बस्तियों में पहुंचकर स्थानीय लोगों से बातचीत करेंगे और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी लेंगे। इसके अलावा अनुसूचित छात्रावास का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं को देखेंगे।
दो दिवसीय भ्रमण के दौरान आयोग सदस्य का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के लोगों से सीधे संवाद स्थापित करना, उनकी समस्याओं को जानना तथा शासन की योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहेगा। उनके इस दौरे के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में जनसुनवाई, निरीक्षण और जनसंवाद के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


