पत्नी से विवाद के बाद युवक ने फंदा लगाकर दी जान, इंस्टाग्राम पर लिखा अंतिम संदेश; परिजनों ने लगाए प्रताड़ना के आरोप

पत्नी से विवाद के बाद युवक ने फंदा लगाकर दी जान, इंस्टाग्राम पर लिखा अंतिम संदेश; परिजनों ने लगाए प्रताड़ना के आरोप

कानपुर। कोहना थाना क्षेत्र में पत्नी से लंबे समय से चल रहे विवाद और पारिवारिक कलह से परेशान एक युवक ने रविवार देर रात घर के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले युवक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक भावुक स्टेटस भी लगाया था, जिसमें उसने रिश्तों में नाराजगी और अपनी अंतिम यात्रा का जिक्र किया था। कमरे में युवक का शव फंदे से लटकता देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। वहीं, परिजनों ने युवक की पत्नी पर प्रताड़ित करने और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कोहना थाने में तहरीर दी है।

पत्नी से लंबे समय से चल रहा था विवाद

कोहना थाना क्षेत्र के पुराना कानपुर निवासी जितेंद्र प्राइवेट नौकरी करते हैं। परिवार में पिता शिवकुमार, मां आशा देवी, बड़े भाई अनुज दिवाकर (38) और दो बहनें हैं। अनुज पेशे से चालक था। उसके परिवार में पत्नी छाया और दो बेटियां अन्नी व आरू हैं।

भाई जितेंद्र ने बताया कि अनुज और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि पत्नी उस पर परिवार से अलग किराये का कमरा लेकर रहने का दबाव बनाती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था। परिजनों का यह भी आरोप है कि पत्नी के नवाबगंज निवासी एक युवक से प्रेम संबंध थे। इसी वजह से वह अनुज को परिवार से अलग रहने के लिए कहती थी। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

जितेंद्र के मुताबिक, पत्नी करीब नौ महीने से अनुज से अलग रह रही थी। इसके बावजूद दोनों के बीच विवाद खत्म नहीं हुआ। आरोप है कि पत्नी जब भी अनुज को रास्ते में देखती थी तो उसे रोककर मारपीट करती थी। दीपावली के दिन भी ड्यूटी से घर लौटते समय पत्नी ने उसे रास्ते में रोककर पीटा था। इससे वह काफी आहत था।

परिजनों का कहना है कि दो दिन पहले भी पत्नी घर पहुंची थी और मां व अनुज के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की थी। इन घटनाओं के बाद से अनुज काफी परेशान चल रहा था।

कमरे में फंदे से लटकता मिला शव

परिजनों के अनुसार, रविवार देर शाम अनुज घर पहुंचने के बाद अपने कमरे में चला गया। काफी देर तक कमरे से कोई आहट नहीं आई तो परिजनों ने अंदर जाकर देखा। वहां अनुज का शव फंदे से लटक रहा था। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में परिजनों ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में कोहना थाने की पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

इंस्टाग्राम स्टेटस में लिखी थी रिश्तों की पीड़ा

पुलिस ने जांच के दौरान अनुज का मोबाइल फोन चेक किया तो उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर लगाया गया आखिरी स्टेटस सामने आया। इसमें उसने लिखा था, ‘खून के रिश्ते में अगर नाराजगी हो जाए तो मुलाकात अंतिम यात्रा पर होती है, तो मैं चाहता हूं कि वो लोग मेरी अंतिम यात्रा पर न आएं।’

इस स्टेटस के सामने आने के बाद परिजनों ने पत्नी पर प्रताड़ित करने और मारपीट करने के आरोप लगाए। पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

परिजनों ने कोहना थाने में पत्नी के खिलाफ लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि पत्नी की कथित प्रताड़ना और आए दिन होने वाले विवाद के कारण अनुज मानसिक रूप से परेशान था।

कोहना थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिली है। पत्नी पर परेशान करने और मारपीट करने के आरोप लगाए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *