पासबुक में सरकारी मुहर, खाते में जमा रकम गायब; घाटमपुर डाकघर के चक्कर काट रहे खाताधारक
किसी ने एफडी में जमा किए 10 लाख तो किसी ने मकान बेचकर मिले चार लाख रुपये रखे थे, 30 से 70 लाख तक की रकम जमा करने वाले भी परेशान; दो डाककर्मी निलंबित

कानपुर। सरकारी डाकघर में जमा रकम की सुरक्षा का भरोसा लेकर पहुंचे लोगों के सामने अब अपनी ही बचत को साबित करने का संकट खड़ा हो गया है। घाटमपुर उप डाकघर में करोड़ों रुपये की कथित वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आने के बाद खाताधारक अपनी जमा पूंजी का हिसाब मांग रहे हैं। उनके पास डाक विभाग की मुहर और हस्ताक्षर वाली पासबुक हैं, लेकिन विभाग उन्हीं दस्तावेजों को फर्जी बता रहा है। गुरुवार को डाकघर पहुंचे कई खाताधारक अपनी परेशानी बताते हुए भावुक हो गए। किसी ने बच्चों के भविष्य के लिए रकम जमा की थी तो किसी ने मकान बेचकर मिली पूंजी को सुरक्षित रखने के लिए खाते खुलवाए थे। अब उन्हें समझ नहीं आ रहा कि वर्षों की मेहनत से जुटाई गई रकम वापस कैसे मिलेगी।
भदरस गांव निवासी अवधेश कुमार शुक्ला और उनकी पत्नी शिवकांति ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2022 और 2023 में पांच-पांच लाख रुपये की दो एफडी कराई थीं। दोनों एफडी की पासबुक उनके पास हैं। उन पर डाक विभाग की मुहर और हस्ताक्षर भी मौजूद हैं। इसके बावजूद विभाग उन्हें फर्जी बता रहा है। दंपती का कहना है कि उन्होंने पूरी प्रक्रिया डाकघर के माध्यम से पूरी की थी। ऐसे में अब उनकी जमा रकम को लेकर सवाल खड़े होना उनके लिए बड़ा झटका है।
ओमप्रकाश मिश्रा ने बताया कि छह जुलाई 2026 को उन्होंने पत्नी मुन्नी देवी के साथ संयुक्त खाते में ढाई लाख रुपये जमा कराए थे। इसके अलावा मकान बेचकर मिले चार लाख रुपये दूसरे खाते में जमा किए थे। दोनों खातों की पासबुक उनके पास हैं, लेकिन अब विभाग उन्हें मानने से इनकार कर रहा है। उनका कहना है कि मकान बेचने के बाद मिली रकम को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से डाकघर में जमा किया था।
दो भाइयों के 70 लाख रुपये फंसे
भदरस गांव के सगे भाई धीरेन्द्र शुक्ला और राजेंद्र शुक्ला ने बताया कि धीरेन्द्र ने 30 लाख और राजेंद्र ने 40 लाख रुपये डाकघर में जमा कराए थे। उनके पास भी विभाग की मुहर लगी पासबुक हैं। इसके अलावा श्याम बाबू यादव ने लाखों रुपये, रामसजीवन यादव ने बहू के नाम 50 हजार रुपये, महेश पाल ने ढाई लाख, बदन यादव ने दो लाख और ब्रजेंद्र यादव ने एक लाख रुपये जमा कराए थे। इन सभी खाताधारकों का कहना है कि उन्होंने नकदी डाकघर के कैश काउंटर पर जमा की थी। उस समय कार्यालय के अंदर भदरस निवासी शैलेंद्र पांडेय समेत अन्य डाककर्मी मौजूद रहते थे।
खाताधारकों का कहना है कि रकम जमा कराने के बाद उन्हें पासबुक दी गई और उसमें जमा धनराशि का ब्योरा दर्ज किया गया। इसी आधार पर वे अपनी बचत को सुरक्षित मानते रहे। अब जब रकम निकालने या खातों की स्थिति जानने की बात आई तो पासबुक को ही फर्जी बताया जा रहा है। ऐसे में खाताधारक यह जानना चाहते हैं कि उनके नाम से खाते कैसे खुले, जमा रकम की प्रविष्टियां किसने कीं और विभागीय मुहर व हस्ताक्षर वाली पासबुक उन्हें कैसे जारी हुईं।
25 साल तक डाकघर में बैठकर कराता रहा काम
खाताधारकों के मुताबिक, शैलेंद्र पांडेय करीब 25 वर्षों से क्षेत्र में डाक एजेंट के रूप में काम कर रहा था। वह डाकघर के अंदर बैठकर लोगों के खाते खुलवाने और जमा संबंधी काम कराता था। लोगों का दावा है कि उन्होंने डाकघर के कर्मचारियों की मौजूदगी में उस पर भरोसा करके रकम जमा की थी। लंबे समय से उसे डाकघर में काम करते देखकर किसी को संदेह नहीं हुआ।
मामला सामने आने के बाद विभाग शैलेंद्र पांडेय को अपना एजेंट मानने से इनकार कर रहा है। इससे खाताधारकों के मन में कई सवाल उठ रहे हैं। उनका कहना है कि यदि शैलेंद्र विभाग का अधिकृत एजेंट नहीं था तो वह इतने वर्षों तक डाकघर के अंदर बैठकर खाते खुलवाने और जमा संबंधी काम कैसे करता रहा? कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई? खाताधारक चाहते हैं कि जांच में इन सवालों का भी जवाब मिले।
दो डाककर्मी निलंबित, उप पोस्ट मास्टर का तबादला
मामले में विभागीय स्तर पर कार्रवाई भी की गई है। उप डाकपाल राकेश मिश्रा और क्लर्क शिवम सचान को निलंबित किया गया है। राकेश मिश्रा वर्तमान में भाऊपुर उप डाकघर में तैनात थे। वहीं घाटमपुर में तैनात उप पोस्ट मास्टर सुशील चौहान का भी तबादला कर दिया गया है। इन कार्रवाइयों के बाद डाकघर में खातों के संचालन और जमा रकम की प्रक्रिया को लेकर विभागीय कर्मचारियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।
खाताधारकों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यह पता लगाया जाए कि उनकी जमा रकम कहां गई। उनका कहना है कि वे डाकघर में भरोसा करके पैसा जमा करने आए थे, इसलिए अब विभाग को उनकी शिकायतों का जवाब देना चाहिए। केवल पासबुक फर्जी बताने से उनकी वर्षों की बचत का सवाल खत्म नहीं हो जाता।
अधीक्षक बोले- शैलेंद्र ने ही दीं फर्जी पासबुकें
डाक अधीक्षक कानपुर मंडल रवि कुमार ने बताया कि शैलेंद्र पांडेय नाम का विभाग का कोई एजेंट नहीं है। उनके मुताबिक, लोगों ने शैलेंद्र के माध्यम से खाते खुलवाए थे और उसी ने उन्हें फर्जी मुहर लगी पासबुकें दी थीं। मामले की जांच कराई जा रही है और विभागीय कार्रवाई भी की जा रही है।


