कंटेनर की टक्कर से इंटर कॉलेज का कई साल पुराना पिलर धराशायी, बड़ा हादसा टला
बिधनू थाने से महज 100 मीटर दूर खेरसा-कठुई मार्ग पर हुआ हादसा, हाइड्रा क्रेन की मदद से हटाया गया मलबा, इसके बाद शुरू हुआ यातायात
कानपुर। बिधनू थाना क्षेत्र में खेरसा-कठुई मार्ग पर रविवार को एक कंटेनर की टक्कर से आचार्य कौटिल्य इंटर कॉलेज के प्रवेश द्वार पर लगा कई साल पुराना पिलर टूटकर सड़क पर गिर गया। हादसा बिधनू थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर हुआ। पिलर गिरने के दौरान सड़क से कोई राहगीर या वाहन नहीं गुजर रहा था। ऐसे में बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना के बाद कुछ देर के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कंटेनर खेरसा-कठुई मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान वह कॉलेज के मुख्य प्रवेश द्वार पर बने पुराने पिलर से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि पिलर टूटकर सड़क पर गिर पड़ा। अचानक पिलर गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सड़क पर पिलर का मलबा फैलने से रास्ता बाधित हो गया और वाहनों की आवाजाही रुक गई।
गनीमत रही कि जिस समय पिलर गिरा, उस वक्त वहां कोई राहगीर या दोपहिया वाहन सवार मौजूद नहीं था। यदि उस समय कोई व्यक्ति पिलर के पास से गुजर रहा होता तो गंभीर हादसा हो सकता था। घटना के बाद कंटेनर चालक ने जिम्मेदारी दिखाते हुए हाइड्रा क्रेन की मदद से टूटे हुए पिलर को सड़क से हटवाया। मलबा हटने के बाद मार्ग पर यातायात फिर से शुरू हो सका।


