चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में मां-बेटी गिरीं, मां ट्रेन के नीचे फंसी; चार कोच गुजरने के बाद बची जान
कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर हादसा, आरपीएफ जवानों ने यात्रियों से कराई चेन पुलिंग; 20 सेकेंड में रुकी ट्रेन, महिला के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें
कानपुर। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर गुरुवार को चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान मां-बेटी हादसे का शिकार हो गईं। बेटी प्लेटफॉर्म पर गिर गई, जबकि मां ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच पटरी पर जा गिरीं। वह करीब 10 मीटर तक घिसटती चली गईं। इस दौरान ट्रेन के चार कोच उनके पास से गुजर गए। मौके पर मौजूद आरपीएफ जवानों ने सूझबूझ दिखाते हुए यात्रियों से चेन पुलिंग कराई। करीब 20 सेकेंड में ट्रेन रुक गई। इसके बाद जवानों ने महिला को सुरक्षित बाहर निकाला।
आरपीएफ के मुताबिक, घायल महिला की पहचान बिहार के शिवहर निवासी कलावती देवी के रूप में हुई है। वह गुरुवार को अपनी बेटी सुकून कुमारी के साथ कानपुर सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर नौ पर पहुंची थीं। इसी दौरान ट्रेन संख्या 12566 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस चलने लगी। जल्दबाजी में मां-बेटी ने ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की। तभी कलावती देवी का पैर फिसल गया और वह ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच पटरी पर जा गिरीं। वह करीब 10 मीटर तक घिसटती चली गईं।
इसी दौरान उनकी बेटी सुकून भी चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करते हुए प्लेटफॉर्म पर गिर गई। घटना के समय आरपीएफ के दरोगा हेमराज मीणा और अनिल कुमार गौतम स्टेशन पर गश्त कर रहे थे। दोनों जवानों ने पहले बेटी को ट्रेन के नीचे जाने से बचाया। इसके बाद महिला को बचाने के लिए ट्रेन में सवार यात्रियों से चेन पुलिंग करने को कहा।
यात्रियों ने तुरंत चेन खींचकर ट्रेन रोक दी। करीब 20 सेकेंड में ट्रेन रुकने के दौरान उसके चार कोच महिला के पास से गुजर चुके थे। ट्रेन रुकते ही आरपीएफ जवानों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को पटरी से बाहर निकाला। हादसे में कलावती देवी के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। आरपीएफ ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा और घटना की सूचना पुलिस को दी। हादसे के चलते बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस कुछ देर तक स्टेशन पर खड़ी रही।
चलती ट्रेन में चढ़ने से बचें
रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ना या उतरना बेहद खतरनाक हो सकता है। थोड़ी सी जल्दबाजी जानलेवा साबित हो सकती है। ट्रेन छूटने की स्थिति में भी यात्रियों को दौड़कर चढ़ने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। सुरक्षित यात्रा के लिए ट्रेन पूरी तरह रुकने के बाद ही उसमें चढ़ना चाहिए।


