कानपुर में बदलने लगा मौसम, तीन दिन में 2.5 डिग्री गिरा पारा; सुबह-शाम बढ़ी ठंड
दोपहर में चटक धूप से बरकरार रहेगी गर्मी, बुधवार को अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 19 डिग्री रहने का अनुमान; फिलहाल बारिश के आसार नहीं
कानपुर। नवंबर की शुरुआत के साथ ही कानपुर में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। सुबह और देर रात हल्की ठंड महसूस होने लगी है, जबकि दोपहर में तेज धूप के चलते गर्मी का एहसास बरकरार है। बुधवार को भी आसमान साफ रहने और दिन में चटक धूप निकलने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं का असर अब मैदानी इलाकों में दिखने लगा है। इसके चलते पिछले तीन दिनों में शहर के तापमान में करीब 2.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार को अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 से 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दिन में धूप के कारण गर्मी बनी रहेगी, जबकि सुबह और रात में ठंड का असर बढ़ेगा।
सर्द हवाओं से गिर रहा रात का तापमान
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं का असर मैदानी इलाकों में दिखाई देने लगा है। एक नवंबर से रात के तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। हालांकि दिन के तापमान में अभी उतार-चढ़ाव बना रहेगा। आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने से दिन का पारा फिर बढ़ सकता है। फिलहाल कानपुर में बारिश की कोई संभावना नहीं है।
सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक रहा रात का तापमान
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) की मंगलवार को जारी मौसम रिपोर्ट के मुताबिक शहर का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक था।
अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 89 प्रतिशत रही। सुबह से आसमान साफ रहा और दिन में तेज धूप निकली। शाम होते ही हवाओं के चलते ठंडक महसूस होने लगी।
किसानों को रबी फसलों की तैयारी तेज करने की सलाह
मौसम में बदलाव को देखते हुए विशेषज्ञों ने किसानों को रबी की फसलों की तैयारी तेज करने की सलाह दी है। जिन खेतों में नमी कम है, वहां जरूरत के अनुसार सिंचाई कर पलेवा किया जा सकता है। खेत तैयार होने के बाद किसान गेहूं की बुवाई शुरू कर सकते हैं।


