बहन की शादी से पहले हादसे में बुझ गया इकलौता सहारा, भाई की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
कानपुर। हनुमंत विहार में रविवार देर रात तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से अभय सचान (23) की मौत हो गई। वह काम खत्म कर पैदल घर लौट रहा था। नौबस्ता चौराहे के पास पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उसे हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। अभय की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पिता की मौत के बाद मजदूरी कर मां और तीन बहनों की जिम्मेदारी संभाल रहे अभय के जाने से परिवार का सहारा छिन गया। सबसे दर्दनाक बात यह है कि छोटी बहन कीर्ति की शादी 20 नवंबर को होनी है। जिस भाई के हाथों बहन की विदाई होनी थी, अब उसी की अर्थी उठने से परिवार में शादी की खुशियों की जगह मातम छा गया।
पिता की मौत के बाद संभाली थी परिवार की जिम्मेदारी
बाबा नगर स्थित चतुर्वेदी बिल्डिंग निवासी अभय के पिता की कुछ साल पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। मां ऊषा गृहिणी हैं। तीन बहनों में बड़ी बहन की शादी हो चुकी है, जबकि छोटी बहन कीर्ति की शादी सामूहिक विवाह सम्मेलन में तय हुई है। एक बहन अभी पढ़ाई कर रही है। पिता के निधन के बाद अभय ने टाइल्स और पत्थर लगाने का काम शुरू किया और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का खर्च उठाने लगा। मां और बहनों की जरूरतें पूरी करने के लिए वह दिन-रात मेहनत करता था।
काम से लौटते समय तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर
परिजनों के मुताबिक, रविवार देर रात साइट पर काम खत्म करने के बाद अभय पैदल घर लौट रहा था। नौबस्ता चौराहे के पास पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद अभय सड़क पर गंभीर हालत में पड़ा रहा। राहगीरों ने उसे देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस उसे निजी अस्पताल ले गई और उसके मोबाइल से परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए हैलट रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान अभय की मौत हो गई।
भाई का शव देखकर बेसुध हुई बहन
अभय की मौत की खबर मिलते ही मां ऊषा बदहवास हो गईं। छोटी बहन कीर्ति भाई का शव देखकर बेसुध हो गई। वह बिलखते हुए कहती रही कि पिता के जाने के बाद भाई ही परिवार का सहारा था। अब घर कौन चलाएगा, मां की देखभाल कौन करेगा और शादी के बाद उसे विदा कौन करेगा। जिस घर में कुछ दिन बाद शादी की तैयारियां और खुशियां होनी थीं, वहां अब भाई की मौत का मातम पसरा है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हनुमंत विहार थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।


