स्कॉर्पियो से युवक को अगवा कर पीटा, 15 हजार रुपये और चेन लूटने का आरोप

स्कॉर्पियो से युवक को अगवा कर पीटा, 15 हजार रुपये और चेन लूटने का आरोप

एक आरोपी हिरासत में, स्कॉर्पियो बरामद; गाड़ी पर लगा था सपा का झंडा, शीशे पर लिखा था एडवोकेट

कानपुर। घाटमपुर में कानपुर-सागर हाईवे स्थित गांधी विद्यापीठ इंटर कॉलेज के पास युवक को स्कॉर्पियो सवार चार लोगों द्वारा अगवा कर मारपीट करने और नकदी व चांदी की चेन लूटने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में लिया है। घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो भी बरामद कर ली गई है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

घाटमपुर थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव निवासी शांतनू बाजपेई ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार रात वह नगर स्थित गांधी विद्यापीठ इंटर कॉलेज के पास खड़े थे। इसी दौरान पतारा निवासी अर्पित यादव, रठिगांव निवासी आर्यन सचान और दो अज्ञात व्यक्ति स्कॉर्पियो से पहुंचे। आरोप है कि चारों उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गए और मारपीट करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने तमंचा लगाकर जान से मारने की धमकी दी।

पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने उनकी जेब में रखे 15,280 रुपये और चांदी की चेन छीन ली। इसके बाद मोबाइल फोन तोड़ दिया और तेजपुर गांव के किनारे बंबा के पास छोड़कर फरार हो गए।

मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो बरामद कर पतारा चौकी में खड़ी कराई गई है। गाड़ी पर समाजवादी पार्टी का झंडा लगा था और शीशे पर एडवोकेट लिखा हुआ था।

घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। स्कॉर्पियो बरामद कर ली गई है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *