नरवल थाने के नए भवन का विधानसभा अध्यक्ष व पुलिस कमिश्नर ने किया भूमि पूजन
ब्रिटिशकालीन भवन की जगह बनेगा नया थाना परिसर, 16 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत
कानपुर। कानपुर कमिश्नरेट के पूर्वी जोन के अंतर्गत आने वाले नरवल थाने के नए भवन निर्माण के लिए विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने हवन-पूजन के साथ भूमि पूजन किया। नए थाना भवन का निर्माण होने से पुलिसकर्मियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और थाने की प्रशासनिक व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
गौरतलब है कि नरवल थाने का मौजूदा भवन ब्रिटिशकालीन है। लंबे समय से इसी पुराने भवन में थाने की प्रशासनिक और पुलिस संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। समय के साथ भवन की पुरानी संरचना के चलते नए भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
शासन की बहुप्रतीक्षित योजनाओं में शामिल नरवल थाना परिसर के निर्माण के लिए 16 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसमें पुलिसकर्मियों के आवास निर्माण के लिए आठ करोड़ रुपये तथा थाना भवन के निर्माण के लिए आठ करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।
नए भवन के निर्माण से थाना परिसर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने और पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


