कानपुर में ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार को कुचला, मौत: परास गांव में 3 घंटे तक जाम; पत्नी बोली- अब परिवार कैसे पालूंगी
ग्रामीणों ने परास-अमौली लिंक मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की; ट्रैक्टर हटाने पहुंची पुलिस के सामने सड़क पर बैठ गईं महिलाएं

कानपुर/घाटमपुर। कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र के परास गांव में शुक्रवार देर शाम तेज रफ्तार ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। ट्रैक्टर के पहियों के नीचे आने से बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने परास-अमौली लिंक मार्ग पर जाम लगा दिया और गांव में स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग करने लगे। करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा। घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने ग्रामीणों और परिजनों को समझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रिश्तेदार से मिलकर घर लौट रहे थे प्रहलाद
सजेती थाना क्षेत्र के किराव गांव निवासी प्रहलाद कश्यप (50) शुक्रवार शाम बाइक से परास गांव में रहने वाले अपने पारिवारिक चाचा राजेंद्र कश्यप से मिलने आए थे। देर शाम वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। गांव के किनारे पहुंचते ही तेज रफ्तार ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वह ट्रैक्टर के नीचे आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और परास-अमौली लिंक मार्ग पर जाम लगा दिया।
ग्रामीण बोले- दिनभर तेज रफ्तार से निकलते हैं डंपर
हादसे से नाराज ग्रामीणों ने लिंक मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग से दिनभर तेज रफ्तार में डंपर और अन्य भारी वाहन गुजरते हैं। इससे गांव के लोगों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना था कि गांव के पास स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं, ताकि वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण लगाया जा सके और भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
ट्रैक्टर हटाने पहुंची पुलिस, आगे बैठ गईं महिलाएं
हादसे की सूचना पर घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को घटनास्थल से हटाकर थाने ले जाने का प्रयास किया, तो कुछ महिलाएं ट्रैक्टर के आगे बैठ गईं। महिलाओं ने गांव में स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग दोहराई। पुलिस ने ग्रामीणों और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। इंस्पेक्टर ने उनकी मांग पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटवाकर चौकी में खड़ा कराया गया।करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया। इसके बाद लिंक मार्ग पर यातायात बहाल हो सका।
पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
प्रहलाद कश्यप की मौत से परिवार में मातम छा गया। पत्नी बिट्टन, दो बेटों प्रशांत और अंकुर तथा बेटी आरती का रो-रोकर बुरा हाल है। पति की मौत से टूट चुकी पत्नी बार-बार यही कहती रही कि अब उसके जीने का सहारा छिन गया है। वह बच्चों का पालन-पोषण कैसे करेगी। मौके पर मौजूद लोग पत्नी और बच्चों को ढांढस बंधाते नजर आए।
तहरीर के आधार पर होगी कार्रवाई
घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर यातायात बहाल कराया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

