थाई महिला बोली- इरफान ने धर्म बदलने का दबाव बनाया, बाइक के लिए दिए 55 लाख

थाई महिला बोली- इरफान ने धर्म बदलने का दबाव बनाया, बाइक के लिए दिए 55 लाख

कानपुर। थाईलैंड की महिला अपसॉर्न ने कानपुर के टेनरी कारोबारी मोहम्मद इरफान पर शादी के बाद धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने, मारपीट और धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का दावा है कि उसने इरफान के दो जन्मदिन पर महंगी स्पोर्ट्स बाइक खरीदने के लिए करीब 55 लाख रुपये दिए थे। इनमें एक बाइक के लिए 21 लाख और दूसरी के लिए 34 लाख रुपये देने की बात कही गई है। पैसे वापस मांगने पर इरफान टालमटोल करने लगा। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कारोबार के सिलसिले में थाईलैंड जाता था इरफान

अपसॉर्न के मुताबिक, थाईलैंड में उसका रेस्टोरेंट का कारोबार है। कारोबार के सिलसिले में इरफान अक्सर थाईलैंड आता-जाता था। इसी दौरान दोनों की मुलाकात हुई। इसके बाद सोशल मीडिया के जरिए दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। महिला का कहना है कि दोनों करीब चार साल तक रिलेशनशिप में रहे। करीब दो साल पहले दोनों ने थाई रीति-रिवाज से शादी कर ली।

अपसॉर्न ने पुलिस अधिकारियों को शादी का कार्ड, फोटो, पासपोर्ट समेत अन्य दस्तावेज भी दिखाए। उसका कहना है कि शादी के दौरान उसने इरफान के नाम की अंगूठी भी बनवाई थी।

साथ रहने की बात कही तो धर्म परिवर्तन का दबाव

महिला का आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद जब उसने इरफान से साथ रहने की बात कही तो वह बहाने बनाने लगा। बाद में उसने कहा कि अगर उसके साथ रहना है तो इस्लाम धर्म कबूल करना होगा और बुर्के में रहना पड़ेगा। अपसॉर्न ने धर्म परिवर्तन से इनकार कर दिया।

महिला के मुताबिक, इसके बाद उसने इरफान से अपने रुपये वापस मांगे तो वह लगातार टालमटोल करने लगा। आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज भी की गई।

फरवरी में भारत आया, फिर फोन उठाना बंद किया

अपसॉर्न के अनुसार, इरफान फरवरी 2026 में भारत वापस आ गया। शुरुआत में उसने खुद को बीमार बताया। बाद में उसने फोन उठाना बंद कर दिया और उसका नंबर भी ब्लॉक कर दिया। कई बार संपर्क की कोशिश के बाद अपसॉर्न सोमवार को कानपुर पहुंची।

वह एक परिचित के साथ इरफान के लाटूश रोड स्थित घर पहुंची। वहां उसे जानकारी हुई कि इरफान पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं। इसके बाद वह अधिवक्ता महताब अली के साथ एडीसीपी के पास शिकायत लेकर पहुंची।

रेस्टोरेंट गिरवी रखकर लिया लोन

अपसॉर्न ने पुलिस को बताया कि उसने थाईलैंड में अपने कारोबार से कमाए रुपये इरफान पर खर्च किए। रुपये कम पड़ने पर उसने अपना रेस्टोरेंट बैंक में गिरवी रखकर लाखों रुपये का लोन लिया। इसके अलावा बहन और अन्य रिश्तेदारों से भी उधार लेकर इरफान को पैसे दिए। महिला का आरोप है कि इरफान ने रुपये लेने के बाद उसके साथ धोखा किया। महिला ने पुलिस को यह भी बताया कि इरफान की जानकारी मिलने और उससे संपर्क टूटने के बाद वह मानसिक रूप से परेशान हो गई थी। पुलिस अधिकारियों के सामने वह देर रात तक रोती रही।

दो जन्मदिन पर महंगी बाइक खरीदने का दावा

पुलिस पूछताछ में अपसॉर्न ने बताया कि इरफान को लग्जरी कारों और स्पोर्ट्स बाइकों का शौक है। उसका जन्मदिन दिसंबर में आता है। महिला का दावा है कि इरफान के दो जन्मदिन पर उसने दो महंगी स्पोर्ट्स बाइक खरीदने के लिए रकम दी थी। उसके मुताबिक, एक बाइक के लिए 21 लाख और दूसरी के लिए 34 लाख रुपये दिए गए। इस तरह उसने करीब 55 लाख रुपये बाइक खरीदने में खर्च किए। इरफान के इंस्टाग्राम अकाउंट पर महंगी बाइकों के साथ कई वीडियो भी पोस्ट किए गए हैं। महिला का कहना है कि इरफान के पास तीन लग्जरी कारें भी हैं।

2012 में हुई थी पहली शादी

पुलिस की जांच में सामने आया कि इरफान की पहली शादी वर्ष 2012 में हुई थी। उसके तीन बच्चे हैं। जाजमऊ में उसके नाम से टेनरी का कारोबार होने की बात भी सामने आई है। इसमें एक अन्य व्यक्ति के पार्टनर होने की जानकारी पुलिस को मिली है। पुलिस के मुताबिक, महिला की तहरीर के आधार पर इरफान के खिलाफ धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने, मारपीट, धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आरोपों की जांच कर रही है।

गिरफ्तारी के बाद मीडिया के सामने रोने लगा इरफान

गिरफ्तारी के बाद मंगलवार देर रात इरफान मीडिया के सामने चेहरा ढके नजर आया। सवाल पूछे जाने पर वह फफककर रोने लगा। वहीं, इरफान की मां ने थाई महिला के आरोपों को गलत बताया। उनका कहना है कि महिला पैसों के लिए उनके बेटे को ब्लैकमेल कर रही है और उसे फंसाया जा रहा है। मां के मुताबिक, इरफान ने कारोबार में नुकसान होने की बात परिवार को बताई थी, जिसके बाद परिवार ने भी उसे रुपये दिए थे। महंगी स्पोर्ट्स बाइक खरीदने के आरोप पर उन्होंने कहा कि इरफान ने अपनी कमाई से बाइक खरीदी थी। महंगी बाइक खरीदने को लेकर उसके पिता भी नाराज होते थे।

मां बोलीं- अल्लाह इंसाफ करेगा

इरफान की मां ने कहा कि उन्हें बेटे और थाई महिला के बीच बातचीत के बारे में पूरी जानकारी नहीं थी। हालांकि, बेटे के व्यवहार से उन्हें कुछ गड़बड़ लगती थी। उनका आरोप है कि थाई महिला लंबे समय से इरफान को ब्लैकमेल कर रही थी और इसी वजह से वह तनाव में रहता था। थाईलैंड जाने के सवाल पर उन्होंने बताया कि इरफान के पिता उसे वहां जाने से मना करते थे। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की सच्चाई जांच के बाद सामने आएगी। साथ ही कहा, “अब अल्लाह इंसाफ करेगा।”

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *