कानपुर समेत यूपी से मानसून की विदाई, दो दिन पहले लौटा; इस बार हल्की रहेगी सर्दी
कानपुर। कानपुर समेत पूरे उत्तर प्रदेश से शनिवार को मानसून की आधिकारिक विदाई हो गई। मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश से मानसून की वापसी की औपचारिक घोषणा कर दी है। इस बार मानसून की वापसी की सामान्य संभावित तारीख पांच अक्टूबर थी, लेकिन मानसून दो दिन पहले ही यानी तीन अक्टूबर को प्रदेश से पूरी तरह विदा हो गया। इसके साथ ही मौसम में बदलाव और शरद ऋतु की आहट तेज हो गई है।
प्रदेश के एकीकृत मौसम पूर्वानुमान केंद्र के प्रभारी वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, तीन अक्टूबर को सामान्य तिथि से दो दिन पहले प्रदेश के शेष हिस्सों से भी मानसून वापस लौट गया। इस तरह इस वर्ष प्रदेश में मानसून की कुल अवधि करीब 95 दिन रही।
कई जिलों में सामान्य से अधिक बारिश
इस मानसूनी सीजन में कानपुर नगर समेत कई जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई। कानपुर नगर, बांदा, चित्रकूट, कन्नौज, हमीरपुर और महोबा में सामान्य से अत्यधिक वर्षा हुई। वहीं कानपुर देहात में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई।
मानसून की विदाई के साथ अब बारिश का दौर थमने और दिन के तापमान में धीरे-धीरे बदलाव आने की संभावना है। सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस होने लगी है, जबकि दिन में धूप का असर बना रहेगा।
इस बार जाड़े में सामान्य से कम ठंड के आसार
मानसून की विदाई के साथ मौसम विभाग ने आगामी सर्दी को लेकर भी पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस बार जाड़े में सामान्य से कम ठंड पड़ने के आसार हैं। सर्दी के मौसम में अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान सामान्य से ऊपर रहने का अनुमान है।
डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार इस बार सर्दियों में तापमान सामान्य से नीचे जाने की संभावना कम है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने के कारण ठंड का असर अपेक्षाकृत हल्का रह सकता है।
दिन में गर्मी, सुबह-शाम बढ़ेगी ठंडक
मानसून की विदाई के बाद मौसम में धीरे-धीरे बदलाव दिखाई देगा। दिन में धूप और गर्मी का असर बना रह सकता है, जबकि सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट से ठंडक बढ़ेगी। आने वाले दिनों में आसमान साफ रहने और बारिश की गतिविधियां कम होने के साथ मौसम शुष्क होने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून की वापसी के संकेत पहले से मिलने लगे थे और अब इसकी आधिकारिक विदाई हो चुकी है। ऐसे में कानपुर समेत पूरे प्रदेश में अब धीरे-धीरे मौसम का मिजाज शरद ऋतु की ओर बढ़ेगा।

