अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की दर्दनाक मौत

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की दर्दनाक मौत

ड्यूटी से घर लौटते समय हुआ हादसा, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

कानपुर। सेन पश्चिमपारा थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को बिधनू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार महोबा जनपद के खरैला गांव निवासी सुभाष विश्वकर्मा (45) पुत्र स्व. दीनदयाल विश्वकर्मा एक निजी फैक्ट्री में काम करते थे। वह पिछले कुछ वर्षों से सेन पश्चिमपारा क्षेत्र के बकतौरी पुरवा में किराए के मकान में रह रहे थे।

शनिवार देर शाम सुभाष बाइक से ड्यूटी खत्म कर अपने घर लौट रहे थे। बताया गया कि जैसे ही वह तुलसियापुरवा मोड़ के पास स्थित नर्सिंग कॉलेज के सामने पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची सेन पश्चिमपारा पुलिस ने घायल सुभाष को उपचार के लिए बिधनू सीएचसी भेजा और हादसे की जानकारी उनके परिजनों को दी।

बिधनू सीएचसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने मेडिकल परीक्षण के बाद सुभाष को मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

सेन पश्चिमपारा पुलिस के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसा करने वाले अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *