मंधना स्टेशन पर बढ़ेगी पार्किंग और परिवहन सुविधा, रविवार को संयुक्त सर्वे

मंधना स्टेशन पर बढ़ेगी पार्किंग और परिवहन सुविधा, रविवार को संयुक्त सर्वे

एलिवेटेड कॉरिडोर बनने के बाद टर्मिनल स्टेशन बनने की संभावना, यात्री सुविधाओं को लेकर डीएम ने दिए निर्देश

कानपुर नगर। मंधना रेलवे स्टेशन के भविष्य में बढ़ने वाले यात्री दबाव को देखते हुए पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की कवायद शुरू हो गई है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में शनिवार को शिविर कार्यालय में हुई बैठक में स्टेशन के आसपास सुविधाओं के विकास को लेकर कार्ययोजना पर मंथन किया गया।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि कानपुर अनवरगंज से मंधना (CPA-MDA) तक एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण प्रस्तावित है। इसका काम नवंबर-दिसंबर 2026 से शुरू होने की संभावना है। कॉरिडोर बनने के बाद मंधना रेलवे स्टेशन इस रेलखंड का अंतिम टर्मिनल स्टेशन बनने की संभावना है। ऐसे में यहां यात्रियों की संख्या बढ़ने के मद्देनजर अभी से आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित करने पर जोर दिया गया।

डीएम ने स्टेशन के बाहर उपलब्ध उपयुक्त स्थानों को चिह्नित कर व्यवस्थित पार्किंग विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्टेशन से शहर और अन्य प्रमुख क्षेत्रों के लिए सुगम सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने को संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

रविवार को होगा संयुक्त सर्वे

डीएम ने खंड विकास अधिकारी कल्याणपुर संदीप कुमार (आईएएस) की अध्यक्षता में रेलवे, एनएचएआई और ट्रैफिक विभाग की संयुक्त समिति गठित की है। समिति रविवार को मंधना क्षेत्र का संयुक्त सर्वे करेगी और पार्किंग व यातायात व्यवस्था के लिए उपयुक्त स्थानों को चिह्नित कर रिपोर्ट देगी।

15 गांवों से जुड़ा प्रकरण, मांगी रिपोर्ट

बैठक में रेलवे अधिकारियों ने बताया कि संबंधित प्रकरण में तहसील बिल्हौर के दो और तहसील सदर के 13 गांव शामिल हैं। रेलवे की ओर से दोनों तहसीलों को पत्राचार किया जा चुका है। डीएम ने दोनों एसडीएम को सोमवार तक प्रकरण की विस्तृत स्थिति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कल्याणपुर-रावतपुर के बीच सफाई पर जोर

डीएम ने कल्याणपुर से रावतपुर रेलवे स्टेशन के बीच सफाई और कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था मजबूत करने को कहा। संबंधित जोनल अधिकारी को क्षेत्र का सर्वे कर दो दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। नगर स्वास्थ्य अधिकारी को नियमित कूड़ा उठान और प्रभावी कूड़ा प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा गया।

रेलवे अधिकारियों को ट्रैक और उसके आसपास नियमित निगरानी व सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा स्टेशन के बाहर सिविल क्षेत्र में नालों की सफाई, जरूरत के अनुसार नालों को कवर कराने और फ्लाईओवर के नीचे उपयुक्त स्थान पर पार्किंग विकसित करने पर भी चर्चा हुई।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, डीसीपी ट्रैफिक, अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ सिंह, पीडी एनएचएआई समेत रेलवे के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *