खरेचा में डेंगू केस के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची, 118 की जांच

खरेचा में डेंगू केस के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची, 118 की जांच

तीन मरीजों के डेंगू सैंपल जांच के लिए भेजे, 940 घरों का सर्वे कर 18 में मिला लार्वा
कानपुर। बिल्हौर के खरेचा गांव में डेंगू का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने गांव में पहुंचकर निरोधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी। नोडल अधिकारी वीबीडी डॉ. राजेश्वर सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी अरुण कुमार सिंह, एलटी गणेश शंखवार समेत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव का निरीक्षण किया। टीम ने स्वास्थ्य शिविर लगाकर ग्रामीणों की जांच की और मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक किया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में बुखार सर्वेक्षण, जांच, सोर्स रिडक्शन और अन्य निरोधात्मक गतिविधियों का सत्यापन किया। ग्रामीणों को घरों और आसपास पानी जमा न होने देने तथा लार्वा पनपने वाले स्थानों को तत्काल खत्म करने की जानकारी दी गई।
गांव में लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में 118 सामान्य मरीजों की जांच की गई। इनमें 19 मरीजों की मलेरिया, डेंगू और टाइफाइड की जांच हुई। जांच में कोई भी मरीज मलेरिया पॉजिटिव नहीं मिला। वहीं डेंगू की जांच के लिए तीन सैंपल एसएसएच लैब भेजे गए हैं।
दो डेंगू केस दूसरे जिलों के निकले
स्वास्थ्य विभाग ने कॉपरगंज क्षेत्र में पोर्टल पर दर्ज दो डेंगू मामलों का भी सत्यापन किया। जांच में दोनों मामले दूसरे जिलों से संबंधित पाए गए। इसकी सूचना संबंधित जिलों को भेज दी गई। हरजेन्द्र नगर में पोर्टल पर दर्ज स्क्रब टाइफस के एक मामले में भी आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई पूरी कराई गई।
940 घरों में पहुंची टीम
स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने शहर के विभिन्न इलाकों में एंटमोलॉजिकल सर्वेक्षण, सोर्स रिडक्शन, लार्वानाशक छिड़काव और जनजागरूकता अभियान चलाया। खपरा मोहाल कैंट, मकबरा, शूटरगंज, काजीखेड़ा, भट्टा वाली गली, कुली बाजार नवीन पार्क, जूही खुर्द, एचएएल टाउनशिप, विमानपुरी, नवाबगंज भेड़ी खाना, जीवनलाल का हाता, अंबेडकर नगर काकादेव, नौरैयाखेड़ा और बसंत विहार आनंद नगर में टीमों ने सर्वे किया।
इस दौरान 940 घरों में 7,966 पात्रों की जांच की गई। 18 घरों में लार्वा मिला, जबकि 35 घरों में लार्वा को नष्ट कराया गया।
जमा पानी तुरंत हटाने की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घरों और आसपास पानी जमा न होने देने की अपील की है। जलभराव वाले स्थानों पर आवश्यकतानुसार जला हुआ मोबिल ऑयल अथवा केरोसीन ऑयल डालने की सलाह दी गई। लोगों को खुली त्वचा पर प्राकृतिक मॉस्किटो रिपेलेंट क्रीम लगाने और शरीर को अधिक से अधिक कपड़ों से ढककर रखने के लिए भी कहा गया।
संचारी रोगों से संबंधित सूचना या जानकारी के लिए यूएचएम चिकित्सालय, परेड स्थित कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 0512-2333810 और 9335301096 पर संपर्क किया जा सकता है। नगर निगम के कंट्रोल रूम के 0512-2526004 और 2526005 नंबर पर भी सूचना दी जा सकती है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *