बिधनू में मौत बनकर आया डंपर, स्कूल बस में मची चीख-पुकार; शिक्षिका की गई जान

बिधनू में मौत बनकर आया डंपर, स्कूल बस में मची चीख-पुकार; शिक्षिका की गई जान

पांच छात्रों समेत 35 लोग थे बस में सवार, डंपर की टक्कर से पिछला हिस्सा हुआ क्षतिग्रस्त; कई घायल, दो को जिला अस्पताल रेफर

कानपुर। बिधनू थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूल की विज्ञान शिक्षिका की मौत हो गई। हरबसपुर गांव स्थित पंचायत भवन के सामने कानपुर से घाटमपुर जा रही स्कूल बस की सामने से आ रहे मौरंग लदे डंपर से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के वक्त बस में पांच छात्रों समेत करीब 35 लोग सवार थे। टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। कई छात्र और शिक्षक घायल हो गए।

हादसा शुक्रवार सुबह करीब सात बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक घाटमपुर स्थित मूसा नगर रोड के चीना पब्लिक स्कूल में गांधी जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित होना था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र स्कूल जा रहे थे।

बस चालक अर्जुन निवासी बर्रा ने बताया कि वह नौबस्ता बाईपास से बस लेकर घाटमपुर की ओर जा रहा था। रास्ते में नौबस्ता बंबा, बिनगवां और बिधनू से स्कूल स्टाफ व छात्रों को बस में बैठाया गया। हरबसपुर पंचायत भवन के पास पहुंचते ही सामने से मौरंग लदा डंपर आता दिखाई दिया।

चालक के मुताबिक डंपर को सामने से आता देखकर उसने बस को बचाने के लिए सड़क से नीचे उतारने का प्रयास किया। इसके बावजूद डंपर ने पहले बस के साइड हिस्से में टक्कर मारी और इसके बाद बस के पिछले हिस्से को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।

टक्कर लगते ही बस में मची चीख-पुकार

जोरदार टक्कर लगते ही बस के अंदर चीख-पुकार मच गई। खिड़कियों के शीशे टूटकर बस के अंदर बिखर गए। इसी दौरान पिछली सीट के पास बैठी विज्ञान शिक्षिका ऐश्वर्या श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया गया कि वह खिड़की के पास बैठी थीं। टूटे शीशे के टुकड़े उनके सिर में जा घुसे।

साथी शिक्षकों ने आनन-फानन उन्हें बिधनू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ऐश्वर्या श्रीवास्तव, पवन श्रीवास्तव की पुत्री थीं और बर्रा क्षेत्र में रहती थीं।

छात्र की आंख में घुसा कांच

हादसे में कक्षा सात के छात्र रौनक वर्मा, निवासी बिनगवां की आंखों में कांच के टुकड़े लग गए। उसके साथ उसका भाई कनिष्क कक्षा पांच, छात्रा मैत्री कक्षा पांच निवासी नौबस्ता, सुहानी कक्षा 11 निवासी गल्लामंडी और कुशाग्र कक्षा 10 निवासी मछरिया भी बस में सवार थे।

हादसे में शिक्षिका अंजू रीता (37) निवासी तौधकपुर और शिक्षक हिमांशु यादव (30) पुत्र स्व. एसपी यादव निवासी जूही लाल कॉलोनी को उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।

वहीं अर्पित दीक्षित (25) निवासी सागरपुरी, दुर्गा चौहान (37), निखलेश्वर बाजपेई (47) और छात्र रौनक को प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उन्हें घर भेज दिया गया।

‘सामने से मौत आती दिखाई दी’

बस में सवार मैथ टीचर दीपल पाल, निवासी कर्रही ने बताया कि डंपर सामने से बस की ओर आता दिखाई दे रहा था। चालक ने बस को बचाने का प्रयास किया, लेकिन टक्कर हो गई। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। उन्होंने बताया कि हादसे का मंजर देखकर सभी की रूह कांप गई। स्कूल परिवार ने अपना एक साथी खो दिया।

शिक्षिका की मौत की खबर सुन बेसुध हुईं प्रिंसिपल

स्कूल की प्रिंसिपल सुभांगी सिंह निजी वाहन से बस के पीछे आ रही थीं। हादसे की जानकारी मिलने पर वह बिधनू सीएचसी पहुंचीं। वहां ऐश्वर्या की मौत की खबर सुनते ही वह बेसुध हो गईं। साथी शिक्षिकाओं ने उन्हें संभाला। वह बार-बार यही कहती रहीं कि ऐश्वर्या के घरवालों को क्या जवाब दूंगी।

गांधी जयंती कार्यक्रम से पहले हादसे ने बदला माहौल

चीना पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर पंकज सचान ने बताया कि दो अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किया जाना था। इसी कार्यक्रम के लिए शिक्षक और छात्र घाटमपुर जा रहे थे। हादसे में शिक्षिका की मौत से पूरा स्कूल परिवार बेहद दुखी है।

डंपर चालक पुलिस हिरासत में

हादसे के बाद ग्रामीणों ने डंपर चालक को पकड़ लिया और बिधनू पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिक्षिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और डंपर चालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *