सेवा सेतु अभियान के तहत बिधनू में लगा ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम

19 विभागों के अधिकारियों ने दी योजनाओं की जानकारी, सात दिन तक जनता की समस्याएं सुनेंगे अधिकारी
कानपुर। विकासखंड बिधनू के सभागार में सोमवार को सेवा संकल्प अभियान 2026 के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने पहुंचकर ग्रामीणों को शासन की योजनाओं और विभागीय सेवाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कानपुर ग्रामीण के जिलाध्यक्ष उपेंद्र नाथ पासवान रहे। ब्लॉक प्रमुख अरुण कुमार ने मुख्य अतिथि को बुके और भगवान श्रीराम की प्रतिमा भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन खेरसा के इंचार्ज प्रधानाचार्य विकास तिवारी ने किया।
कार्यक्रम में पंचायतीराज, स्वास्थ्य, एनआरएलएम, श्रम, पशुपालन, बाल विकास, खाद्य एवं रसद, समाज कल्याण, पुलिस सहित कुल 19 विभागों के अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी विभागों की ओर से लोगों को अपने-अपने विभाग से संबंधित महत्वपूर्ण योजनाओं, सुविधाओं और सेवाओं की जानकारी दी गई।
पोषण माह को लेकर भी दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान नौवें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के तहत ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ अभियान को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। अधिकारियों ने पोषण, स्वास्थ्य और आंगनवाड़ी सेवाओं से संबंधित जानकारियां साझा कीं।
इस दौरान बीडीओ बिधनू आशीष मिश्रा, एडीओ आईएसबी हरदीप सिंह, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मनीष अवस्थी, सीएचसी चिकित्साधीक्षक डॉ. नीरज सचान, सीडीपीओ रत्ना श्रीवास्तव, सुपरवाइजर अनामिका व नीना, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी ओमप्रकाश राणा, एडीओ समाज कल्याण अभिषेक यादव, एसआई ब्रह्म दत्त मिश्र, सीएचओ आरती समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
पशुपालन विभाग से पशुधन प्रसार अधिकारी अमित शुक्ला, शिक्षा विभाग से विकास तथा कृषि विभाग से टेक्निकल असिस्टेंट कल्पना सिंह ने भी विभागीय योजनाओं और सेवाओं से संबंधित जानकारी दी। महिला कल्याण विभाग की जिला संयोजक रागिनी श्रीवास्तव (जेंडर स्पेशलिस्ट) भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।
सात दिनों तक चलेगा अभियान
बीडीओ आशीष मिश्रा ने बताया कि सेवा सेतु अभियान सात दिनों तक चलेगा। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनेंगे और विभाग से संबंधित मामलों के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे। अभियान का उद्देश्य लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ दिलाने के साथ उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण करना है।
कार्यक्रम में भाजपा कानपुर ग्रामीण की जिला मंत्री प्रियंका राजपूत, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मीरा भदौरिया, जिला महामंत्री समरजीत सिंह तथा जिला उपाध्यक्ष ग्रामीण सूर्य ब्रह्म सिंह चंदेल समेत अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

