बारिश के बीच कच्ची दीवार गिरी, छप्पर के नीचे सो रहा परिवार दबा
माता-पिता समेत आठ घायल, चार बच्चों की हालत गंभीर; हैलेट रेफर
कानपुर। सचेंडी थाना क्षेत्र के नयापुरवा कैंधा गांव में सोमवार भोर लगातार हो रही बारिश के बीच कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार का मलबा छप्पर पर जा गिरा, जिसके नीचे सो रहे माता-पिता समेत छह बच्चे दब गए। हादसे में परिवार के सभी आठ लोग घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आनन-फानन मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला। घायलों को कल्याणपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां चार बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें हैलेट अस्पताल रेफर कर दिया गया।

नयापुरवा गांव निवासी मजदूर मुन्ना सिंह (50) कच्चे मकान में पत्नी रमाकांती (48) और छह बच्चों दीपक (20), शुभम (9), रौनक (6), अंजली (11), रिंकी (13) व पिंकी (14) के साथ रहते हैं। रविवार रात बारिश के बीच परिवार के सभी सदस्य कोठरी से सटे छप्पर के नीचे सो रहे थे।
सोमवार भोर करीब साढ़े तीन बजे लगातार बारिश के दौरान कोठरी की कच्ची दीवार अचानक ढह गई। दीवार का मलबा छप्पर पर जा गिरा और उसके नीचे सो रहा पूरा परिवार मलबे में दब गया। दीवार गिरने की तेज आवाज और परिवार के सदस्यों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना देने के साथ ही राहत-बचाव शुरू कर दिया। कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर एक-एक कर सभी आठ लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों को कल्याणपुर सीएचसी पहुंचाया गया।
सीएचसी में जांच के बाद डॉक्टरों ने चार बच्चों की हालत गंभीर बताई और उन्हें बेहतर इलाज के लिए हैलेट रेफर कर दिया। परिवार के अन्य सदस्यों का भी उपचार किया गया।
सचेंडी थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि कच्ची दीवार गिरने से एक ही परिवार के आठ लोग घायल हुए हैं। चार बच्चों को गंभीर हालत में हैलेट भेजा गया है। सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है।

