दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

20 लाख रुपये और बुलेट की मांग का आरोप, शव फंदे पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का दावा

कानपुर। किदवई नगर थाना क्षेत्र के जूही सफेद कॉलोनी में रविवार रात विवाहिता आकांक्षा मिश्रा (30) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुरालीजनों ने मायके पक्ष को फोन कर आकांक्षा के फंदा लगाकर आत्महत्या करने की जानकारी दी। सूचना पर पहुंचे मायकेवालों ने पति और ससुरालीजनों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कल्याणपुर बंबा निवासी सीमेंट कंपनी के गोदाम इंचार्ज श्याम मिश्रा ने बताया कि उनकी इकलौती बेटी आकांक्षा की शादी 23 अप्रैल 2024 को जूही सफेद कॉलोनी निवासी पेय पदार्थ कंपनी के मैनेजर अनुराग बाजपेई उर्फ गौरव से हुई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही आकांक्षा को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा।

परिजनों के मुताबिक, पिछले करीब आठ महीने से पति आकांक्षा पर नया मकान दिलाने के लिए 20 लाख रुपये नकद और बुलेट मायके से लाने का दबाव बना रहा था। मांग पूरी न होने पर उसके साथ आए दिन गालीगलौज और मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। परिजनों का कहना है कि लोकलाज के चलते आकांक्षा ने कई बार प्रताड़ना की बात परिवार से छिपाई और परिस्थितियों को सहती रही।

मायके पक्ष का आरोप है कि करीब दो सप्ताह पहले पति, सास-ससुर और ननद ने भी आकांक्षा के साथ मारपीट और प्रताड़ना की थी। इस दौरान उनसे चार लाख रुपये नकद भी लिए गए थे। इसके बावजूद कथित दहेज की मांग पूरी न होने पर आकांक्षा की प्रताड़ना जारी रही।

रविवार रात आकांक्षा की मौत की सूचना मिलने पर मायकेवाले जूही सफेद कॉलोनी स्थित ससुराल पहुंचे। वहां उन्होंने बेटी की मौत को लेकर सवाल उठाते हुए हंगामा किया। पिता श्याम मिश्रा ने आरोप लगाया कि आकांक्षा के गले, कलाई और हाथ-पैर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। उन्होंने आशंका जताई कि बेटी की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को फंदे पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया।

मामले की सूचना पर पहुंची किदवई नगर पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि मायके पक्ष की ओर से तहरीर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *