बारिश के बीच अचानक धंसी जमीन, 30 फीट गहरा गड्ढा बनने से मचा हड़कंप

महाराजपुर के सिकठिया गांव में पुराने मकान के पास जमीन धंसने से ग्रामीणों में दहशत, आसपास के मकानों पर मंडराया खतरा

कानपुर। नरवल तहसील क्षेत्र में लगातार 48 घंटे से हो रही बारिश के बीच रविवार सुबह महाराजपुर के सिकठिया गांव में जमीन अचानक धंसने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। पुराने मकान की रसोई वाली जगह पर जमीन धंसने से करीब 25 से 30 फीट गहरा गड्ढा बन गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। गड्ढे से सटे मकान की दीवार पर भी गिरने का खतरा मंडरा रहा है।

घटना रविवार सुबह करीब सात बजे पप्पू दिवाकर के पुराने मकान के पास हुई। ग्रामीणों के अनुसार जमीन धंसने से बने गड्ढे की चौड़ाई करीब दो से तीन फीट है। बताया गया कि पप्पू का कई दशक पुराना मकान पिछली बारिश के दौरान गिर गया था। इसके बाद उन्होंने पुराने मकान के बगल में नया घर बनाकर रहना शुरू कर दिया था।

बच्चों के खेलने के दौरान धंसी जमीन

रेनू पत्नी राजू ने बताया कि रविवार सुबह वह छत पर कपड़े डाल रही थीं। इसी दौरान घर के बाहर छोटे बच्चे खेल रहे थे। अचानक उनकी नजर जमीन में बने गड्ढे पर पड़ी। उन्होंने तत्काल नीचे पहुंचकर बच्चों को वहां से दूर किया। समय रहते बच्चों को सुरक्षित हटाए जाने से बड़ा हादसा टल गया।

ग्रामीणों ने बताया कि गड्ढे के ठीक पास राज दिवाकर का मकान है। जमीन धंसने के बाद मकान की दीवार के भी प्रभावित होने और गिरने का खतरा बना हुआ है। मकान के बाहर करीब 10 फीट चौड़ी सड़क है, जबकि सड़क के स्तर से करीब चार फीट ऊंचाई पर मकान बना हुआ है। ऐसे में लगातार बारिश होने पर स्थिति और बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।

सूचना पर प्रशासन ने भेजी टीम

ग्राम प्रधान आकाश सिंह ने बताया कि जमीन धंसने की जानकारी स्थानीय पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों को दे दी गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने मौके पर टीम भेजने की तैयारी शुरू कर दी।

एसडीएम नरवल सत्यपाल प्रजापति ने बताया कि सिकठिया गांव में जमीन धंसने की सूचना मिली है। मौके पर पुलिस और राजस्व टीम भेजी जा रही है। वह स्वयं भी घटनास्थल का निरीक्षण करेंगे।

प्रशासन की ओर से गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग कराकर लोगों को दूर रखने की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों के निरीक्षण के बाद जमीन धंसने के कारणों और आसपास के मकानों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *